गांव पद्याना की दलित बस्ती में बिजली का ट्रांसफार्मर जल जाने से लोगों
को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक हफ्ते से ग्रामीण बिजली निगम के
अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई
सुनवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीण हरिदास, राजपाल, दिवान चंद एवं बलबीर
का कहना है कि उनकी बस्ती में रखा ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से जला हुआ
है। जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए कॉलोनी के बाशिंदे निगम के
कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उनकी
समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि गत
एक सप्ताह से पूरे मोहल्ले में अंधेरा छाया है। बिजली सप्लाई न होने की वजह
से पेयजल की भी गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जले
ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदले जाने की मांग की है।