संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-4 में मधुबन निवासी डेयरी संचालक सतीश (40) ने आत्महत्या कर ली। उनका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। पड़ोस के लोगों ने सुबह शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। फिलहाल आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वह घर में अकेले थे, पत्नी बच्चों सहित मायके गई हुई थीं।
सेक्टर चार चौकी प्रभारी राजन ने बताया कि मधुबन निवासी सतीश कुमार सेक्टर-4 में अपनी डेयरी के पास ही किराये के मकान में रहते थे। सोमवार की रात के समय उन्होंने डेयरी वाली दुकान के कमरे में फंदा लगा लिया। मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पड़ोस के लोगों ने बताया कि सतीश कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। इन दिनों उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। उनका स्वभाव अच्छा था। किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई थी। पुलिस जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले में हर पहलू कर जांच कर रही है।