करनाल/घरौंडा। इंडेन गैस एजेंसी के बाहर 45 दिन बाद अगला सिलिंडर बुक होने का पोस्टर देखकर उपभोक्ता तिलमिला गए। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक और कर्मचारियों से भी सवाल किया कि सभी जगह 25 दिन बाद अगली बुकिंग करने का आदेश है तो आप 45 दिन बाद कैसे दूसरा सिलिंडर बुक कर रहे हैं। हंगामा होता रहा। एजेंसी संचालक मेहर सिंह का कहना है कि उनके पास निदेशालय से आदेश आए हैं, उसी आधार पर पोस्टर तैयार कराकर लगाया गया है।
करनाल सहित सभी जगह के लिए 25 दिन बाद अगली बुकिंग करने की व्यवस्था बनाई गई है। शुक्रवार को एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की कतार और लंबी हो गई। सुबह 8 बजे आए लोगों को शाम 5 बजे सिलिंडर मिला। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी राहुल कुमार का कहना है कि 25 दिन बाद सिलिंडर की दूसरी बुकिंग का आदेश है, एजेंसी के पोस्टर की उन्हें जानकारी नहीं है। सिलिंडरों की कमी नहीं है, लोग संयम बनाकर रखें।
विज्ञापन
दोबारा भुगतान करना पड़ा
उपभोक्ता आशा ने बताया कि दो बार उनकी बुकिंग हुई। उन्होंने एक बार ऑनलाइन पेमेंट की थी लेकिन शो नहीं हुई तो दोबारा भुगतान करना पड़ा। सुबह 8 बजे से कतार में लगे थे, शाम पांच बजे सिलिंडर मिला है।
पोस्टर देखकर बढ़ी चिंता
उपभोक्ता सुरेश कुमार ने बताया कि गैस की भारी दिक्कत हो रही है। पहले सिलिंडर 25 दिन में मिलता था लेकिन अब 45 दिन का पोस्टर देखकर स्थिति चिंताजनक लग रही है। 45 दिन तो बहुत होते हैं।