करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मंगलवार की दोपहर को जयपुर से चंडीगढ़ जा रही सीटीयू की बस खराब खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में दो-तीन सवारियों को हल्की चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। बस की एक तरफ के शीशे भी टूट गए। इस दौरान साइड में चल रही एक कार की भी टक्कर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने सूझबूझ दिखाकर बस को संभाल लिया अन्यथा हादसे के दौरान बस फ्लाईओवर से नीचे भी गिर सकती थी। बस के चालक हरीश कुमार ने बताया कि उनके आगे एक ट्रक चल रहा था, जो अचानक पहली लेन छोड़कर दूसरी लेन में चला गया। जैसे ही ट्रक साइड हुआ, सामने डंपर खड़ा दिखाई दिया।
चालक ने बताया कि वह बस को बीच वाली लेन में ले जाने का प्रयास कर रहे थे, वहीं उनके बराबर में एक कार चल रही थी। बचाव करते हुए उन्होंने ब्रेक लगाई, इस बीच बस एक डंपर से टकरा गई। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि बड़ा हादसा होने से टल गया। दो-तीन सवारियों को ही हल्की चोटें आई हैं।