संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई में ओपन काउंसलिंग से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अंतर्गत पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे। यह आईटीआई की दाखिला प्रक्रिया पांचवां चरण है। इसके लिए मंगलवार को नोडल आईटीआई विद्यार्थियों को भीड़ उमड़ी। शाम पांच बजे तक 100 विद्यार्थियों के दाखिले हुए।
आईटीआई खुलते ही ओपन काउंसलिंग में भाग लेने के लिए विद्यार्थी पहुंचना शुरू हो गए थे। प्रक्रिया के लिए पहले दिन 200 से ज्यादा विद्यार्थियों ने दाखिला लेने के लिए पंजीकरण करवाया। पांचवीं वरीयता सूची 97 प्रतिशत के पार रही। मंगलवार को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के पोर्टल पर नोडल आईटीआई की कुल 460 सीटें रिक्त दिखाई।
मंगलवार को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जमा किए गए। इस दौरान 200 से ज्यादा विद्यार्थियों ने प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदन किया। 193 विद्यार्थी सीधी प्रक्रिया में शामिल हुए। दोपहर 12 बजे पांचवीं वरीयता सूची जारी की गई। पहली चार की तरह यह सूची भी काफी ऊंची रही।
इस दौरान मेरिट के अनुसार विद्यार्थियों को सभी रिक्त सीटें दिखाई गई। विद्यार्थियों की पसंद के अनुसार सीट उन्हें अलॉट कर दी। प्रक्रिया के दौरान आईटीआई में सुबह से शाम तक भीड़ रही। एक-एक करके दाखिला होने के कारण प्रक्रिया में काफी समय लगा। शाम पांच बजे तक 100 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ। वहीं, शाम पांच बजे के बाद भी विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया।
आईटीआई का यह पांचवां चरण 22 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान हर दिन आवेदन के बाद नई वरीयता सूची जारी की जाएगी। वहीं, इस सप्ताह 15 से 17 अगस्त तक अवकाश रहेगा। शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थियों को फीस भरने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय मिलेगा। मंगलवार को दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को बुधवार दोपहर 12 बजे तक फीस जमा करवानी होगी। फीस जमा न होने की स्थिति में विद्यार्थी का दाखिला रद्द कर दिया है।
किस ट्रेड में कितनी सीटें खाली
नोडल आईटीआई की प्लंबर ट्रेड में बहुत कम दाखिले हुए हैं। इसमें कुल 96 में से मात्र 27 सीट भरी हैं। इसी तरह फाउंड्र्रीमैन की 48 में से 6 सीटों पर दाखिले हुए हैं और 42 सीटें खाली हैं। वुड वर्क टेक्निशियन की 72 में से मात्र 18 पर दाखिले हुए हैं और 54 सीटें रिक्त हैं। वहीं, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस की 48 में से 08 खाली हैं। इलेक्ट्रॉनिक मशीन की 48 में से मात्र 02, फिटर की 40 में से 03 सीटें, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनिंग टेक्नीशियन की 48 में से 06, इलेक्ट्रिशियन की 40 में से मात्र एक, स्टेनोग्राफर की 48 में से 05, मशीनिस्ट की 60 में से 11 सीटें रिक्त हैं। इसके अलावा वेल्डर की 120 में से 23, कोपा की 96 में से 06 सीटें और वायरमैन की 40 में से 04 सीटें अभी खाली हैं।
आईटीआई की रिक्त सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग शुरू हो गई है। पहले दिन 200 से ज्यादा विद्यार्थी दाखिला लेने के पहुंचे। 22 अगस्त तक यह प्रक्रिया चलेगी और पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर दाखिला दिया जाएगा। - दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य नोडल आईटीआई।