पंचायती चुनाव को लेकर हुए झगड़े के बाद संघोई गांव में एक युवक ने जहरीला
पदार्थ निगलकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ दबंग लोगों
द्वारा पंचायती चुनाव में मृतक युवक व उसके परिजनों पर वोट डालने का दबाव
बनाया जा रहा था। इसी मामले में मंगलवार रात इसी युवक के साथ मारपीट भी कई
गई थी।
पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर
दी है। जानकारी के अनुसार गांव संघोई में रहने वाले 34 वर्षीय रामकर्ण व
उसके परिजनों पर पंचायती चुनावों में वोट डालने के लिए कुछ लोग दबाव बना
रहे थे। इसी मामले में रामकर्ण के साथ मंगलवार रात को दो बार मारपीट भी की
गई थी। मारपीट के बाद बेइज्जती महसूस करने पर रामकरण ने जहरीला पदार्थ
निकलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के
सुपुर्द कर दिया है। रंबा चौकी इंचार्ज जय नारायण ने मृतक के परिजनों के
बयान पर पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर
जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर
लिया जाएगा।