हरियाणा के करनाल में शतिर ठग ने सेक्टर-4 के पार्ट-2 में रहने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल पर लिंक भेजकर पहले तो वीडियो को लाइक करने का टास्क दिया। इसके बाद रकम दोगुनी करने के नाम पर उससे रुपये लेता रहा। इस तरह उसने उससे आठ लाख रुपये ले लिए। जब पीड़ित ने आरोपी से इसके दोगुने 16 लाख रुपये मांगे तो आरोपी ने उसे नहीं दिए और छह लाख रुपये उससे और मांगे। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-4 के पार्ट-2 निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 फरवरी को उसके मोबाइल पर मैसेज आया। मैसेज में व्यक्ति ने खुद का नाम मिया और एक एंज्वॉय लाइफ सोशल ग्रुप से बताया। जोकि एक यू-ट्यूब पार्टनर भी है। आरोपी ने बताया कि अगर वह उनकी ओर से दिए गए टास्क को पूरा करता है तो बदले में पैसे मिलेंगे।
पीड़ित ठग के झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल पर टास्क देना शुरू किया। मोबाइल पर यू-ट्यूब वीडियो के कुछ लिंक शेयर किए। जिन वीडियो को लाइक कर वापस भेजना था। पीड़ित ने सभी वीडियो को लाइक कर वापस भेज दिए। जिसके बाद आरोपी ने टेलीग्राम और गुप्त कोड भेजा।
बाद में आरोपी ने 10770 रुपये पीड़ित के खाते में भेजे। टास्क नंबर-15 के बाद टास्क नंबर-16 पूरा करने के लिए कहा गया। आरोपी ने पीड़ित से कहा कि जो पैसे आप दोगे। उस पर 30 से 60 प्रतिशत के अनुसार पैसे वापस मिलेंगे। उसके बाद आरोपी के झांसे में पीड़ित फंस गया और उसने टास्क 16 को पूरा करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने शुरुआत में सात हजार रुपये की व्यक्ति से मांग की और कहा कि 40 प्रतिशत के हिसाब से 2800 के साथ 9800 रुपये तीन मिनट के भीतर मिलेंगे। जिसके बाद 60200 रुपये और मांगे। दोगुनी रकम होने के झांसे में आकर पीड़ित ने इस तरह ठग को कुल 8.50 लाख रुपये दिए। जब उसने 16 लाख रुपये मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने धोखाधड़ी के आरोप मेंकेस दर्ज कराया।