टायर फटने से नहर में गिरा ट्रक, ड्राइवर सकुशल निकाला
- फोटो : अमर उजाला
जीटी रोड स्थित कर्ण लेक पुल पर टायर फटने से असंतुलित होकर एक ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर नहर में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी प्रतीक कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। नहर में ट्रक गिरने के बाद चालक को सकुशल निकाल लिया गया। जबकि देर शाम तक पुलिस और प्रशासन द्वारा ट्रक निकालने के प्रयास जारी थे। ट्रक के नहर में गिरने से लाखों रुपये का किरयाने का सामान पानी में बह गया। ट्रक को देखने के लिए आसपास के लोगों का नहर पर ही जमावड़ा लगा रहा, हर कोई अपने वाहनों को रोककर ट्रक को देखने लगा। लेकिन पानी गहरा होने के कारण ट्रक दिखाई नही दे रहा था।
घटना के बाद जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक संतोष वासी उत्तरप्रदेश शनिवार सुबह दिल्ली से किरयाने के सामान से भरा एक ट्रक लेकर पंजाब के जालंधर के लिए चला था। जैसे ही ट्रक चालक सुबह 10 बजे जीटी रोड स्थित कर्णलेक पुल के पास पहुंचा तो अचानक ट्रक का अगला टायर फट गया। टायर फटने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी साइड पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। ट्रक ड्राइवर संतोष को आसपास के लोगों ने नहर से निकाल लिया। जबकि नहर में पानी अधिक होने के कारण ट्रक को देर शाम तक निकालने के प्रयास जारी थे।
ट्रक में लाखों रुपये का किरयाने का सामान था, जो नहर में बह गया। सदर थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि जब यह हादसा हुआ ट्रक में अकेला ड्राइवर संतोष था। ड्राइवर को लोगों ने नहर से सुरक्षित निकाल लिया है। ट्रक को देखने के लिए लोगों का भारी जमावड़ा लगा रहा। दिल्ली और अंबाला की ओर जाने वाले लोग भी अपने वाहनों को रोक-रोक कर ट्रक को देखने लगे, लेकिन पानी अधिक होने के कारण ट्रक दिखाई नही दिया। देर शाम तक प्रशासन और पुलिस कर्मचारी ट्रक को निकालने के लिए जुटे रहे।