तीन बच्चों को अमेरिका की बजाय केन्या और इथोपिया भेजकर 29.19 लाख रुपये की धोखाधड़ी और प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने न केवल तीनों बच्चों को गलत देश भेजा, बल्कि उनका एजेंट बच्चों से रुपये व दस्तावेज लेकर फरार हो गया। ऐसे में बच्चों को दो दिन केन्या की जेल में बंद रहना पड़ा। इसके बाद जब उन्हें इथोपिया ले जाया गया तो वहां आरोपियों ने होटल का बिल नहीं भरा। ऐसे में बच्चों को छह दिन तक होटल संचालक ने कमरे में बंद करके यातनाएं दीं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मंगलौरा निवासी बलिन्द्र सिंह, सतपाल और अंधेड़ा निवासी अनुज ने बताया कि वे सात जनवरी को गांव खेड़ी नरू निवासी आरोपी जरनैल और उसके पिता रणबीर से मिले। उनसे बलिन्द्र के बेटे मनीष कुमार और सतपाल के बेटे गौरव (12वीं पास) व अनुज के भाई दीपक कादियान (बीए) को अमेरिका भेजने के लिये बात हुई।
तीनों को अमेरिका भेजने के नाम पर आरोपियों ने कुल 54 लाख रुपये की मांग की। इनमें हवाई जहाज की टिकट और काम मिलने तक खाने का खर्च शामिल था। इसके बाद उन्होंने विदेश जाने वाले तीनों के पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज दे दिए।
आरोपियों के बताए अनुसार, वे 18 जनवरी को तीनों बच्चों के साथ सुबह पांच बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए। वहां आरोपी जरनैल व एजेंट मिला। एजेंट तीनों को पहले दिल्ली से मुंबई ले गया, उसके बाद केन्या में उतार दिया। बच्चों के जाने के बाद आरोपियों ने उनसे रुपये ले लिए।
आरोप है कि केन्या और इथोपिया में बच्चों के साथ हुए व्यवहार पर जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो आरोपी रणबीर ने बताया कि बच्चों की सात मई की ब्राजील की टिकट हो चुकी है, वहां से वे आगे जाएंगे। इसके बाद भी जब बच्चे अमेरिका नहीं पहुंचे तो उन्होंने अपने स्तर पर वीजा लगवाकर उन्हें जुलाई माह के अंत में इथोपिया से वापस भारत बुलवा लिया। बच्चों के वापस आने पर उन्होंने आरोपियों से खर्च हुई व उन्हें दी गई 29.19 लाख रुपये वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
एजेंट दस्तावेज और पैसे छीन कर हुआ फरार, बच्चों को जाना पड़ा जेल
इधर, बच्चों ने केन्या पहुंचकर फोन पर बताया कि एजेंट ने उनके पासपोर्ट, अन्य दस्तावेज और पैसे भी छीन लिये और खाना भी नहीं दिया जा रहा। इसके बाद तीनों बच्चों को केन्या पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया। बच्चे दो दिन तक जेल में रहे।
साढ़े चार लाख रुपये देकर होटल से छूटे बच्चे
आरोपियों ने केन्या से बच्चों को दो अप्रैल को इथोपिया भेज दिया, वे वहां पर 29 जुलाई तक रहे। इस दौरान जिस होटल में रखा गया था, उस होटल के पैसे एजेंट ने नहीं दिए तो होटल वालों ने बच्चों को छह दिन तक यातनाएं दी। इसके बाद होटल का साढ़े चार लाख रुपये बिल देकर बच्चे वहां से छूटे। इस दौरान उनका वीजा भी समाप्त हो गया था। बच्चों को वहां पर 80 दिनों तक बिना वीजा रहना पड़ा। वीजा बढ़वाने के लिये भी 3.91 लाख रुपये दिए गए।
15 लाख रुपये और 6700 डॉलर लेकर अमेरिका की जगह भेजा दुबई
करनाल। (ब्यूरो) युवक को 15 लाख रुपये और 6700 डॉलर लेने के बाद अमेरिका की बजाय दुबई भेजने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं दुबई पहुंचने पर एजेंटों ने युवक के साथ मारपीट की और उसका सारा सामान छीन लिया। युवक को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। अब उसके चाचा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव घोघड़ीपुर निवासी राजकुमार ने बताया कि उनके भतीजे हेमंत को विदेश भेजने के नाम पर सरहिंद निवासी अमित, उसकी पत्नी और घोघड़ीपुर निवासी रामपाल तथा उसकी पत्नी ने 15 लाख रुपये ले लिए। साथ ही भतीजे का पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी ले लिये। फिर भरोसा दिलाया कि 24 मार्च को हेमंत की फ्लाइट है और उसे 6700 यूएस डॉलर साथ देकर अमेरिका भेजना है।
इसके बाद आरोपियों ने भतीजे को अमेरिका की जगह दुबई भेज दिया, जहां पहुंचने पर 6700 डॉलर, पासपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज आरोपी अमित ने छीन लिये और उसे बुरी तरह से शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिजनों ने अपने स्तर पर पड़ताल की तो युवक से दुबई में संपर्क हुआ, जिसने उन्हें आपबीती सुनाई।
इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उसे केन्या भिजवाया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने चारों आरोपियों से हेमंत के बारे में पूछा तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला और टालमटोल करने लगे। उनका आरोप है कि अमित और सोनिया बच्चों को विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे एेंठते हैं और अब हेमंत का पता पूछने और पैसे वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
एयर टिकट कराने के नाम पर ठगे 2.50 लाख रुपये
करनाल। (ब्यूरो) लंदन से कैनिको भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये ठगने व मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोपियों की इस हरकत के कारण दो रात तक लंदन के एयरपोर्ट पर युवती टिकट के इंतजार में खड़ी रही। अब युवती के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गोंदर निवासी देविंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रमनदीप कौर लंदन में रहती है। उनकी बेटी को लंदन से कैनिको भेजने के लिए उनकी अंबाला निवासी रिषी और कौल निवासी ईश्वर से बात हुई। इसके लिए उन्होंने दिल्ली निवासी वरुण के बैंक खाते में 14 जुलाई को 2.50 लाख रुपये जमा कराए और 19 जुलाई की टिकट करवाने की बात की।
लेकिन आरोपियों ने रुपये लेने के बाद भी टिकट नहीं दी। ऐसे में उनकी बेटी पूरी रात लंदन के एयरपोर्ट पर खड़ी रही। इस बारे में जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो उन्होंने 20 जुलाई को टिकट बुक करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन 20 जुलाई की रात को भी टिकट नहीं मिली और पूरी रात बेटी एयरपोर्ट पर खड़ी रह गई।
21 जुलाई को जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो वे टालमटोल करने लगे। उनका आरोप है कि तीनों के इस व्यवहार के कारण उन्हें टिकट के इन 2.50 लाख रुपये के अलावा एक लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक हानि उठानी पड़ी। इससे अलग धोखे में रखकर उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान किया गया।