रोती हुई महिला को संभ्ााालती एक महिला
- फोटो : अमर उजाला
जीटी रोड स्थित अटल पार्क में एक युवक ने महिला की चुन्नी से संदिग्ध हालत में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह प्रेम प्रसंग का मामला लगता है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने नशा किया हुआ था। इसी को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल और मोबाइल बरामद की है। गुरुवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे पिल्लुखेड़ा वासी जसमेर (25) शहर के अटल पार्क में एक महिला से मिलने पहुंचा। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर उनमें नाराजगी हो गई और युवक ने महिला को पानी लाने के लिए भेज दिया। जब तक महिला वापस आई, युवक ने महिला की चुन्नी से ही पेड़ पर लटककर फांसी ले ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को काबू में ले लिया, वहीं महिला ने मौके से भागने की कोशिश की तो लोगों ने उसे पकड़ लिया। महिला ने पुलिस को बताया है कि वह दो बच्चों की मां है और जसमेर से उसकी काफी समय से पहचान है। गुरुवार को पार्क में मिलने आए थे। पुलिस को मौके से युवक के कपड़े सहित अन्य सामान मिला है। इस बारे में सिविल लाइन थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।