बजरी पर फिसली स्कूटी, महिला घायल
- फोटो : Amar Ujala
गांव गढ़ी मुल्तान के पास एलिवेटेड हाईवे दुपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का कारण बना हुआ है। बुधवार की सुबह कोहरे के कारण बजरी पर बाइक फिसलने से एक महिला स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक फिसलने से लगभग डेढ़ दर्जनभर बाइक सवार चुटहिल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एनएच-4 मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी में भर्ती करवाया, जहां से उसे करनाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार की अलसुबह पानीपत निवासी पूजा देवी अपनी स्कूटी पर सवार होकर करनाल से पानीपत की ओर जा रही थी, तो गढी मुल्तान के पास ऐलिवेटिड हाईवे पर उखड़ी बजरी के कारण स्कूटी फिसल गई।
जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरौंडा में उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया। इतना ही नही कोहरे के कारण दृश्यता कम होने व हाईवे पर उखड़ी बजरी न दिखाई देने की वजह से लगभग दर्जनभर बाइक सवार हादसे का शिकार होते रहे। वाहन चालकों का कहना है कि धुंध का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन हाईवे अथॉरिटी लापरवाह बना हुआ है। हाईवे पर जगह-जगह सड़क उखड़ चुकी है। वाहन चालकों ने बताया कि हजारों की संख्या में दुपहिया वाहन ऐलिवेटिड हाईवे से गुजरते हैं और हाईवे पर सड़क उखड़ी होने के कारण कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस प्रकार की लापरवाही से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। हाईवे अथॉरिटी की इस प्रकार की लापरवाही किसी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है।