मात्र 30 हजार रुपये के लेन-देन में युवक की हत्या कर दी गई और उसका शव राइस मिल के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया गया। क्षेत्र के एक राइस मिल में काम करने वाले एक ठेकेदार ने दूसरे ठेकेदार के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। मृतक व्यक्ति की शिनाख्त रघुराय निवासी बिहार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव बरामद कर दोनों ठेकेदारों के खिलाफ 302 और 120 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया हैै। पोस्टमार्टम के लिए शव को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में रखवाया है।
जानकारी के अनुसार, रघुराय वासी बिहार मुस्कान ओरसिस में नौकरी करता था। मुस्कान ओरसिस में ही बिहार का ही रहने वाला मनोज ठेकेदार था। ठेकेदार मनोज को रघुराय के पैसे देने थे। गत रात पैसे देने के मामले को लेकर ठेकेदार मनोज एसके राइस मिल के ठेकेदार मदन के साथ मिलकर रघुराय को अपने साथ कहीं ले गया। ठेकेदार मनोज और मदन आपस में दोस्त थे।
दोनों ने मिलीभगत करके रघुराय को अपने पास बुला लिया, लेकिन इसके बाद दोनों ने मिलकर रघुराय की हत्या कर दी और उसका शव 521 राइस मिल के पीछे स्थित झाड़ियों में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ सूबे सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर को सूचना मिली कि शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त शुरू की।
शव की शिनाख्त होने पर इसकी सूचना रघुराय के परिजनों को दी गई। दोनों ठेकेदार मनोज और मदन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया हैै। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।