फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरेआम आईटीआई के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या

Thu, 19 May 2016 12:22 AM IST
ब्यूरो/करनाल,अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
आईटीआई में होटल मैनेजमेंट के प्रथम वर्ष के छात्र सन्नी (20) की बुधवार को दिनदहाड़े बस स्टैंड के पास कर्ण पार्क में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच बचाव कराने आए दो अन्य छात्रों को भी चाकू लगे हैं। हमलावर नौ छात्रों और युवकों ने सन्नी की छाती व पेट पर पांच वार किए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर गया। वहीं, आरोपी मौके से फरार हो गए। एसपी पंकज नैन समेत पुलिस अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते हुए नौ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। देर शाम पुलिस ने दो आरोपी सुनील व नवीन निवासी नरूकेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
विज्ञापन


गांव ओगंद वासी सन्नी आईटीआई में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार सुबह सवा आठ बजे जैसे ही वह बस से बस स्टैंड पर उतरा तो वहां पर कुछ छात्रों ने उस पर बेल्टों से हमला कर दिया। हमले से बस स्टैंड पर अफरा तफरी मच गई। सन्नी अपनी जान बचाकर बस स्टैंड की दीवार फांदकर कर्ण पार्क में पहुंच गया। वहां पर हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से पांच वार किए। वहीं, बीच बचाव के लिए आए सग्गा गांव के रजनीश और सुमित उपलाना को भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, घायलों को ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया, जहां पर सन्नी को मृत घोषित कर दिया, दो अन्य का इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल, डीएसपी राजकुमार, डीएसपी जितेंद्र गहलावत व एसपी पंकज ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम पढ़ने वाले छात्रों ने ही दिया है और उनका झगड़ा बस स्टैंड से आईटीआई चौक तक जाने को लेकर बस में पैर पर पैर रखे जाने को लेकर हुआ था। इसी बात को लेकर युवकों ने सन्नी से रंजिश रख ली थी और मौका मिलते ही उसे मौत के घाट उतार दिया। एसपी पंकज नैन ने बताया कि छात्र सन्नी के भाई करनैल सिंह की शिकायत पर नौ छात्रों व युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। देर शाम पुलिस ने नरूखेड़ी निवासी सुनील और नवीन को गिरफ्तार कर लिया। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन


आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े, शव उठाने से इंकार
छात्र की हत्या के बाद अस्पताल में तनाव का माहौल हो गया। मौके पर डीएसपी राजकुमार कौशिक व अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे तो  पीड़ितों ने शव लेने से मना कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ितों ने कहा कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाते डेड बॉडी नहीं लेंगे। कई घंटे की जद्दोजहद व हंगामे के बाद आखिरकार परिजनों को मना लिया गया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप गया व शाम को सन्नी का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

छात्र के अंतिम संस्कार में पहुंचे ईश्वर सिंह
करनाल के ओंगद गांव निवासी सन्नी का उनके पैतृक गांव औंगद में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार को सन्नी के दाह संस्कार के समय पूर्व राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित एवं जनजाति आयोग के सदस्य ईश्वर सिंह, जिला प्रशासन की ओर से एसपी पंकज नैन, एसडीएम योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ-2 काफी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे। राष्ट्रीय अनुसूचित एवं जनजाति आयोग के सदस्य ईश्वर सिंह ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता तुरंत मृतक के परिजनों को दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें