शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने करनाल शहर के पॉश इलाके सेक्टर-13 एक्सटेंशन में कपड़ा व्यापारी की पत्नी की हत्या कर दी और घर में लूटपाट करके फरार हो गए। घर की दीवारें इस बात की गवाही दे रही हैं कि आखिरी सांस तक महिला बदमाशों से लड़ती रही। आखिरकार बदमाशों ने दो किलोग्राम के बट्टे से महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे महिला वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी। सूचना मिलने पर एफएसएल और डीएसपी जितेंद्र गहलावत समेत पुलिस बल ने घटनास्थल का मुआयना किया और शहर में नाकेबंदी की। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहरवासी सहम गए हैं। पुलिस की अलग अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं। थाना सिविल लाइन पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बाद सेक्टर-13 एक्सटेंशन के मकान नंबर 529 में बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे। घर पर 55 वर्षीय महिला पूजा गुंबर पत्नी रविंद्र गुंबर अकेली थी। आशंका जताई जा रही है कि जैसे ही महिला ने बदमाशों को लूटपाट करते देखा तो विरोध करना शुरू कर दिया। मामला बिगड़ता देख बदमाशों ने महिला के सिर पर दो किलो के बाट से हमला कर दिया और महिला वहीं पर ढेर हो गई। इससे पहले, दीवारों पर महिला के खून से सने हाथों के निशान भी हैं, जिससे साफ है कि महिला ने बदमाशों का पूरा मुकाबला किया। बदमाश महिला की बेरहमी से हत्या कर घर के बेड, अलमारी सहित हर सामान को खंगाल कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के बाद घर के पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। मृतक महिला पूजा के पति रविंद्र गुंबर की पटेल मार्केट में कपड़े की दुकान है।
दो युवकों को भागते देखा गया
जिस घर में यह वारदात हुई उसके पीछे जन स्वास्थ्य विभाग का कार्यालय है। वहां के कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने दिन में दो युवकों को भागते हुए देखा था, लेकिन वह समझ नहीं पाए कि वह इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे गए। दो युवकों के भागने पर इन्होंने भी नॉर्मल लिया। घर में शोर शराबे से पड़ोसियों को भी आवाज नहीं आई। दरवाजे सभी बंद होने के कारण किसी ने आवाज भी सुनाई नहीं दी।
पीड़ितों ने संभाला नहीं है सामान
बदमाश हत्या कर डकैती को अंजाम दे गए हैं। अलमारी, बेड सहित अलग-अलग कमरे में जाकर पूरे सामान को खंगाला गया है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर घर के पीछे से निकल गए। फिलहाल पीड़ितों ने कैश, जेवरात सहित अन्य सामान को संभाला नहीं है। फिलहाल यह देखा जा रहा है कि आखिर बदमाश घर से क्या क्या सामान ले गए हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।
हर पहलू पर पुलिस जुटी जांच में
इस तरह बड़ी वारदात को अंजाम देने में पुलिस ने हर पहलु पर जांच का दायरा बढ़ाया है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने घर में एंट्री करने से पहले रैकी भी की होगी और कोई खास ही जानकार होगा, जिसको पता है कि अब महिला अकेली है और वह आसानी से वारदात को अंजाम दे सकते हैं। डीएसपी जितेंद्र गहलावत घटनास्थल पर रहे और पीड़ितों को हर पहलू पर जांच का आश्वासन देते रहे।
बेटी से कर रही थी मोबाइल पर बात
वारदात से पहले पूजा गुंबर अपनी बेटी से मोबाइल पर बात कर रही थी। बदमाशों के घर आने पर उसने फोन काटकर उनके साथ विरोध करने लगी। बदमाशों ने वहां पड़े लोहे के बट्टे से महिला के सिर पर वार हर हत्या कर दी। पूजा की बेटी ने बताया कि वह बार-बार मोबाइल पर फोन करती रही, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। जब फोन नहीं उठाया तो उसने पिता रविंद्र गुंबर को फोन किया और उसने घर आकर देखा तो पूजा खून में लथपथ पड़ी थी।
सीसीटीवी फुटेज निकालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने सेक्टर-13 एक्सटेंशन के आसपास की सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को अभी तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। डीएसपी जितेंद्र गहलावत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से हो सकता है कोई सुराग मिल जाए। पुलिस की अलग अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं।