मामूली कहासुनी को लेकर छात्र पर चाकुओं से किया हमला
- फोटो : Amar Ujala
कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के बीच आपसी झगड़े रुकने का नाम नहीं ले रहे। छात्र मामूली सी कहासुनी होने पर एक दूसरे पर चाकू और अन्य हथियारों से हमला बोल देते हैं। इससे कॉलेजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। चार दिन पहले डीएवी कॉलेज में दो छात्रों पर हुआ जानलेवा मामला सुलझ नहीं पाया था। मंगलवार को पंडित चिंरजी लाल राजकीय महाविद्यालय में छात्रों के बीच हुई आपसी कहासुनी को लेकर कुछ छात्रों ने एक छात्र पर चाकुओं से हमला कर दिया। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने घायल अवस्था में उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रामा सेंटर में दाखिल करवाया।
बता दें कि चार दिन पूर्व डीएवी कॉलेज में भी कुछ युवकों ने दो छात्रों पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया था और दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इससे कॉलेजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे है। घायल असीन वासी फुरलक ने बताया कि मंगलवार को वह कॉलेज में अपनी बीटीएम की मार्कशीट लेने आया था। मार्कशीट लेने के बाद जब वह कॉलेज के नोटिस बोर्ड के पास खड़ा था तो एक गांव के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके कुछ देर बाद कुछ युवकों ने मिलकर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। चाकू छात्र की टांग पर लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने उसे इलाज के अस्पताल के ट्रामा सेंटर में दाखिल करवाया। जहां घायल का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना लगते ही सेक्टर 13 चौकी इंचार्ज श्याम सुंदर अस्पताल में पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामले में आरोपी रोबिन, अभिजीत, अजय और संजय के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।