फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाखों के लेनदेन में आढ़ती की हत्या

Mon, 30 Nov 2015 12:34 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,करनाल
विज्ञापन
विज्ञापन
लाखों रुपये के लेनदेन मामले में निगदू के एक आढ़ती की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस पहले आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर रही थी लेकिन हत्या का केस दर्ज करवाने के लिए पीड़ितों ने अस्पताल में हंगामा किया और अस्पताल के एक फार्मासिस्ट के साथ हाथापाई भी की।
विज्ञापन




आढ़ती वीरभान (52) वासी चुहड़माजरा के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जो पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने लेन देन के मामले में आरोपी मुलतान, उसके बेटे विशाल व भाई अनिल वासी साकरा गांव के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।


चुहड़माजरा गांव निवासी वीरभान ने निगदू में आढ़त की दुकान की हुई है। मृतक वीरभान के बेटे प्रदीप (30) ने बताया कि उसके पिता वीरभान की निगदू व कौल अनाजमंडी में आढ़त की दुकान है। उसके पिता को मूलरूप से साकरा वासी एवं फिलहाल करनाल वासी मुलतान, विशाल व अनिल से लगभग 70-80 लाख रुपये लेने थे। आरोपियों ने पैसे देने के लिए शुक्रवार को उनके पिता को करनाल बुलाया था। आरोपी के बुलाने पर उसके पिता वीरभान शुक्रवार को करनाल आ गए।
विज्ञापन


शनिवार देर रात वीरभान को आरोपी शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाकर चले गए। आरोपियों ने रविवार सुबह मृतक के गांव में किसी व्यक्ति के पास फोन करके जानकारी दी कि वीरभान की तबीयत ज्यादा खराब है, वह अस्पताल में दाखिल है। उसके घर जानकारी दे देना। गांव के लोगों से उन्हें इसकी जानकारी मिली। रविवार सुबह जब वे करनाल के निजी अस्पताल में आए तो उन्हें पता लगा कि उसके पिता की मौत तो रात को हो गई थी। परिजन शव को लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल पहुंचे।


पीड़ितों ने किया हंगामा
पुलिस ने पहले आत्महत्या के लिए मजबूर करने को लेकर कार्रवाई की तो पीड़ितों ने हंगामा कर दिया। अस्पताल में काफी देर हंगामा होने के बाद सिविल लाइन थाना के प्रभारी प्रतीक कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को आश्वासन दिया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज होगा। इस पर पीड़ित शांत हुए और पुलिस को बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने बयानों के आधार व सुसाइड नोट के मुताबिक तीनों लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आढ़ती की हत्या पर दिनभर तनाव का माहौल रहा।


परिजनों का आरोप, खाने में दिया जहर
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पिता को खाने में जहर दिया है और तबियत खराब होने पर उसे अस्पताल ले गए, लेकिन मृत को ही उन्होंने निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आढ़ती की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सुसाइड नोट भी मिला
पुलिस ने मृतक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें वीरभान ने तीनों आरोपियों का नाम लिखा है। साथ ही यह भी लिखा है कि वह सुसाइड नोट इसलिए लिखना पड़ा, क्योंकि उसे उनकी मारने की साजिश का पता चल गया था। चार पेज के नोट को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए रख लिया है। नोट में करीब 80 लाख रुपये का लेनदेन बताया गया है और ब्याज समेत करीब दो करोड़ रुपये बताए गए हैं।


कई पहलुओं पर कर रहे जांच : एसएचओ
सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पहले आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर रहे थे, लेकिन पीड़ितों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया है। सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है और इसकी जांच कराई जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस केस की कई पहलुओं से जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें