क्लास में मामूली कहासुनी को लेकर नौबत चाकू चलाने तक की आ गई। इस
कहासुनी के बाद जैसे ही छात्र क्लास से बाहर निकला तो दर्जनभर युवाओं ने उस
पर चाकुओं से हमला कर दिया। यह घटना है शहर के दून वैली इंजीनियरिंग कॉलेज
की। कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र पर चाकुओं से हमला करने का जैसे ही दूसरे
विद्यार्थियों को पता चला तो पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
दर्जन भर
हथियारबंद बदमाशों ने कॉलेज लाइब्रेरी में छात्र पर हमला कर कॉलेज की
व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल युवक
को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस को दी शिकायत में दून वैली
कॉलेज में पढ़ने वाले बीटैक के छात्र रवि ने बताया कि किसी मामले में
कॉलेज के ही छात्र अरविंद से मंगलवार को क्लासरूम में कहासुनी हो गई थी।
बुधवार को छात्र अरविंद के साथ आए करीब दर्जनभर छात्रों ने उस पर हमला कर
दिया। अपनी जान बचाने के लिए छात्र रवि कॉलेज की लाइब्रेरी में घुस गया,
जहां उस पर इन हथियारबंद युवकों ने चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
इसके बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए। घायलावस्था में रवि को करनाल के
ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई
है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।