सीएचडी सिटी में एक महिला ने पति की बरसी पर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भिजवा दिया और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार सीएचडी सिटी मकान नंबर 87 वासी दिवंगत पत्रकार अनूप झा की पत्नी 35 वर्षीय आरती अपने दो बेटों अमन व नमन के साथ रह रही थी।
करीब सालभर पहले एक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद आरती परेशान रहने लगी थी। शनिवार को अनूप झा की बरसी थी। आरती ने तनाव में आकर पंखे से फांसी लगा ली। सुबह जब नमन उठा तो मां का शव पंखे से लटका हुआ देख दंग रह गया। महिला की मौत की खबर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस व एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।