कस्बे के गांव फफड़ाना में नवजात तीसरी बेटी को संदिग्ध परिस्थितियों में
गायब करने के मामले में एक नया और दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी
पिता ने पुलिस रिमांड के दूसरे दिन बताया कि नवजात बच्ची की दादी ने बच्ची
को सफीदों से गुजर रही नहर में फेंक दिया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी दादी
के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी द्वारा रिमांड
के दौरान कबूल की गई बातों के असंध के डीएसपी बलजिंद्र सिंह ने बताया कि
कोर्ट ने आरोपी पिता जयपाल को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस
रिमांड के दूसरे दिन ही आरोपी जयपाल ने कबूल किया कि उनको कोई बेटा पैदा
नहीं हुआ था, बल्कि असंध के निजी अस्पताल में उसकी पत्नी ने एक बेटी को
जन्म दिया था, जो पूरी तरह से स्वस्थ थी। बच्ची को नवजात बच्ची की दादी ने
सफीदों के पास से गुजर रही हांसी बुटाना नहर में जिंदा ही फेंक दिया था।
अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज ने भी खोला राज
फफड़ाना
निवासी जयपाल की पत्नी रूबी ने असंध के निजी अस्पताल में 21 अगस्त की सुबह
तीसरी बेटी को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात बच्ची एक दम स्वस्थ थी। 21
अगस्त की दोपहर दो बजे डॉक्टर ने रूबी को अस्पताल से छुट्टी दे दी।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जयपाल व उसकी मां रूबी व नवजात बच्ची को
किसी गाड़ी से नहीं बल्कि बाइक पर बैठा कर अस्पताल से लेकर गए थे। अस्पताल
से उन्हें सालवन चौक की तरफ आना था, लेकिन जयपाल बाइक को सालवन चौंक की तरफ
लाने की बजाय सफीदों की तरफ के लकर गया था। ये सारी घटना अस्पताल के
सीसीटीवी कैमरों में कैद है। इससे साफ पता चलता है कि घटना को अंजाम देने
के लिए पहले से ही योजना बनाई गई थी। जिसको उन्होंने बहुत ही सफाई से अंजाम
दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नवजात बच्ची के माता-पिता व दादी एक
ही बाइक पर बच्ची को अपने साथ लेकर सफीदों की तरफ गए थे। जब वह सफीदों से
गुजर रही हांसी बुटाना नहर के पास पहुंचे तो नवजात की दादी ने उसे जिंदा ही
नहर में फेंक दिया। इस घटना के समय नवजात के बच्ची का पिता जयपाल व मां
रूबी भी साथ ही थे, लेकिन किसी ने भी जयपाल की मां को ये घिनौना अपराध करने
से नहीं रोका। घटना के बारे में अस्पताल के डॉक्टर संदीप ने बताया कि उनके
अस्पताल में ही रूबी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। उन्हें 21 अगस्त
की दोपहर छुट्टी दे दी गई थी। जयपाल अपनी पत्नी, बच्ची व मां के साथ बाइक
पर उसे अस्पताल से लेकर गया था। लेकिन वह उसे सफीदों की तरफ लेकर गया था।
यह सारी घटना अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में रिकार्ड है।