हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार साध्वी देवा ठाकुर से पुलिस दो दिन के रिमांड के दौरान कुछ खास नहीं उगलवा पाई है। दो दिन तक पुलिस ने साध्वी को लेकर आधा दर्जन स्थानों पर छापेमारी की है, लेकिन ऐसा कुछ भी पुलिस बरामद नहीं कर पाई, जिससे पुलिस अपनी सफलता कह सके। रविवार को साध्वी को लेकर पुलिस हिसार में गई और वहां पर एक स्थान पर रेड की, लेकिन वहां पर भी रेड खाली गई। बाद में हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस साध्वी को लेकर राजस्थान जाने लगी तो साध्वी ने रास्ते में ही हथियार वहां पर न होने की बात कही, फिलहाल साध्वी को वापस करनाल महिला थाने में लाया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि साध्वी पुलिस जांच टीम के सामने बार बार बयान बदल रही है। कभी हथियार राजस्थान बताए जाते हैं तो कभी अन्य स्थान पर। फिलहाल तीन और दिन का रिमांड बाकी है, पुलिस के लिए अब साध्वी से वारदात में प्रयोग किए गए हथियार और उसके साथियों को गिरफ्तार करना नाक का सवाल बन गया है।
गौरतलब है कि गत 15 नवंबर को शादी समारोह के एक कार्यक्रम में साध्वी और उसके साथियों ने जमकर फायरिंग की थी। इससे सेक्टर-6 निवासी सुनीता की छर्रे लगने से मौत हो गई थी और चार लोग घायल हो गए थे। इस मामले में साध्वी ने अदालत में सरेंडर किया था, जिसे बाद में अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। सिटी थाना पुलिस साध्वी से पूछताछ कर रही है। वहीं, सीआईए की दो अलग अलग टीमें अलग अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस ने ब्रास स्थित उसके धाम पर कई घंटे तक छापेमारी की थी और पूरे डेरे को खंगाला था। हालांकि, यहां पर कुछ खास बरामद नहीं हो सका। इसके अलावा, साध्वी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी को लेकर जिले के तीन से चार गांवों में भी छापेमारी की जा चुकी है। इस बारे में सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल का कहना है कि साध्वी से पूछताछ चल रही है। फिलहाल हथियारों और उसके साथियों को गिरफ्तारी को लेकर कोशिशें जारी हैं।