गांव नगला फार्म में गैंगवार के चलते घर में घुसकर करीब एक दर्जन हथियारों
से लैस बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान हत्यारों
ने करीब 10 गोलियां चलाईं। इनमें से 4 गोलियां युवक को लगीं। हत्या के बाद
हत्यारे हथियारों को हवा में लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, वहीं गांव के ही 6 लोगों पर
हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रंजिश से जुड़ा बताया जा
रहा है। इससे पहले, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पोस्टमार्टम
हाउस के बाहर बवाल काटा। वीरवार आधी रात गांव नगला फार्म में रहने वाला
जमाल (32 वर्षीय) अपने मित्र नरेश के साथ घर में खाना खा रहा था। इस दौरान
बदमाशों ने घर पर धावा देकर जमाल पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने जमाल
को ही टारगेट रखा और करीब दस फायर किए। मौके पर मौजूद मृतक के दोस्त नरेश
ने बताया कि इस दौरान जमाल पर करीब 10 गोलियां दागी गईं। इनमें से चार
गोलियां जमाल को लगीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में हमलावर
मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव के ही लोगों से झगड़ा
विलाप
करते हुए जमाल की पत्नी रेखा ने बताया कि उसके पति का कुछ लोगों के साथ
काफी समय से झगड़ा चल रहा था। इन्हीं लोगों ने वीरवार को घर में घुसकर जमाल
पर गोलियां चलाईं। इनमें से चार गोलियां उसके पति को लगीं और उसकी आंखों
के सामने ही उसके पति ने दम तोड़ दिया। रेखा ने एसपी से मांग की जल्द ही
आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। रेखा का कहना है कि जमाल के बिना अब वह तीन
लड़के और एक लड़की को कैसे पालेगी।
परिजनों ने किया हंगामा
शुक्रवार
को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर गुस्साए परिजनों ने हत्यारोपियों की
गिरफ्तारी नहीं होने पर हंगामा काटा। गुस्साए परिजन शव के पोस्टमार्टम न
कराने पर अड़ गए। अस्पताल में परिजनों के हंगामे को बढ़ते हुए देखकर डीएसपी
जितेंद्र गहलावत पुलिस बल के साथ पहुंचे। जितेंद्र ने परिजनों को समझाने
का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में
पुलिस ने 5-6 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द
ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी के आश्वासन के बाद ही
परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। अंधाधुंध चलीं गोलियों से गांव में दहशत फैल
गई। रात को ही घर में घुसकर युवक की हत्या का समाचार जैसे ही आसपास के
लोगों के पास पहुंचा तो वे घबरा गए। हत्या की वारदात के बाद लोगों में डर
का माहौल है।
दस दिनों में दूसरी हत्या
करनाल शहर में बदमाशों
का आतंक बढ़ता जा रहा है। करीब 10 दिन पहले जिम ट्रेनर की हत्या कर उसके शव
को भी बदमाशों ने फेंक दिया था। अब तक इस हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ
था कि एक और नई हत्या ने पुलिस की सिरदर्दी बढ़ा दी है। हालांकि इस मामले
को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है और आरोपी दोनों भाई रिमांड पर चल रहे हैं।
मामला
रंजिश का है। इसके चलते हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। हत्या
आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन कर दिया है। छह लोगों के
खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही
हत्यारोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
जितेंद्र गहलावत, डीएसपी