तरावड़ी। तरावड़ी के गुरुद्वारा रोड पर स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों की कहासुनी होने के बाद एक महिला ने कक्षा में बैठी एक छात्रा का गला दबा दिया। यही नहीं महिला ने कक्षा में मौजूद शिक्षक और बच्चों की मौजूदगी में छात्रा को थप्पड़ भी जड़ दिया।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बच्चों ने आपस में लड़ाई झगड़ा भी कर लिया, लेकिन इसके बाद अगले दिन एक छात्रा के परिजन स्कूल में शिकायत लेकर पहुंच गए। उन्होंने इसकी शिकायत प्रिंसिपल और स्टाफ सदस्य को करने की बजाय सीधा कक्षा में जाकर छात्रा का गला दबा दिया और उसे थप्पड़ जड़ दिया। छात्रा स्वीटी के परिजनों ने बताया कि यदि बच्चों के झगड़े को लेकर कोई शिकायत करनी थी तो प्रिंसीपल व स्टाफ सदस्य को करनी चाहिए थी। स्वीटी का गला दबाने और थप्पड़ मारने को लेकर स्वीटी के परिजनों में रोष है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की लिखित शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।