बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे कार संख्या नंबर यूपी-15 बीए-3195 उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से गांव बल्ला में जा रही थी। मूनक-रिफाइनरी रोड पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार नहर में जा गिरी। हादसा होता देख आसपास के लोग एकत्रित हो गए और कार में सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया।
लोगों ने इसकी सूचना मूनक व बोहली चौकी में दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह व सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने लोगों की मदद से सतिंद्र कुमार (70 वर्ष) व उसकी पत्नी पुष्पलता को बाहर निकाल लिया और उपचार के लिए पानीपत सरकारी अस्पताल में भेज दिया। जहां पर सतिन्द्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार में सवार चालक राहुल व सतेंद्र के पुत्र अमित को ढूंढने में जुटी हुई है, लेकिन उनका कोई सुराग नही लगा है। पुलिस ने पानीपत से गोताखोरों को भी बुलाकर दोनों युवक को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लगा था। परिजनों के अनुसार मृतक के बेटे अमित की पीठ में दर्द रहता था। इसका उपचार कराने के लिए करनाल जिले के गांव बल्ला में जा रहे थे। पुलिस ने सतिंद्र का शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
मूनक चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मूनक-रिफाइनरी रोड पर नहर के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से कार नहर में गिर गई। जिसमें महिला सहित चार लोग सवार थे। जिसमें से बुजुर्ग सतिंद्र की मौत हो गई और महिला को बाहर निकाल लिया गया। इसके अलावा चालक राहुल व बुजुर्ग का पुत्र अमित नहर में बह गया। जिनका कोई सुराग नही लग पाया है। तलाश जारी है।