करनाल के दून वैली कॉलेज की बीटेक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को कुरुक्षेत्र के जनसूई हेड से उसका शव मिला। उसके गले पर चोट के निशान भी हैं। उसके पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार, उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। सिटी थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।
छात्रा के परिजनों ने बताया कि बीटेक की छात्रा शिखा (24) चार जून को करनाल के दून वैली कॉलेज में पेपर देने आई थी। यहां से गांव के लड़के राजकुमार ने शिखा को बंधक बना लिया और वह अपने साथ ले गया। बृहस्पतिवार को छात्रा का शव जनसूई हेड पर मिला। सिटी थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि पानीपत के सौदापुर निवासी छात्रा शिखा (24) करनाल के दून वैली कॉलेज में चार जून को पेपर देने आई थी। यहां से उसके गांव के ही राजकुमार बंधक बनाकर ले गया। आरोपी राजकुमार के खिलाफ बंधक बनाने का पहले ही केस दर्ज है। राजकुमार ने भी बीटेक की हुई है। परिजन राजकुमार पर ही हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है।