सीएम सिटी करनाल में चोरोें ने शुक्रवार अलसुबह एक केमिस्ट की एक दुकान का ताले चटकाकर 37 हजार रुपये, दवाएं और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरों की यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों ने शुक्रवार अलसुबह कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के पास स्थित जेके ट्रेडिंग कंपनी के शटर का ताले चटकाए। जेके ट्रेडिंग कंपनी के मालिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह वीरवार रात को 11 बजे अपनी दुकान का ताला लगाकर घर चले गए थे। उसे सुबह करीब छह बजे किसी ने फोन पर सूचना दी कि किसी ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर शटर ऊपर उठाया हुआ है। उन्होंने दुकान पर आकर देखा तो दुकान के दोनों ताले टूटे मिले। दायीं तरफ से शटर भी उठा हुआ था। जब दुकान के अंदर जाकर देखा तो दुकान की दराज से करीब 37 हजार रुपये, दवाएं और अन्य सामान गायब था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एक ने की चोरी, दूसरे ने दिया पहरा
केमिस्ट की दुकान के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि इस पूरी वारदात को दो चोरों ने अंजाम दिया है। दोनों चोर बाइक पर आए थे। अस्पताल चौक के पास अक्सर पुलिस की जिप्सी खड़ी रहती है। इसलिए एक चोर ने सड़क पर खड़ा होकर पहरा दिया, जबकि दूसरे ने दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाया और चोरी की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि दोनों चोरों की उम्र 20 से 25 साल के बीच रही होगी।
पुलिस सुरक्षा को लेकर केमिस्टों में रोष
सुरक्षा को लेकर सभी केमिस्टों में रोष है। उनका कहना है कि पुलिस निरंतर गश्त नहीं करती। इस कारण हर रोज दुकानों के ताले टूट रहे हैं। सभी केमिस्टों ने एसएचओ सिविल लाइन से मांग की कि शहर की दुकानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए और दोनों चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
25 मई को भी हुई थी वारदात
दो चोरोें ने 25 मई को भी अशोका कॉलोनी स्थित लाइफलाइन मेडिकल के शटर का ताला तोड़कर एक लाख 80 हजार की चोरी की थी। लाइफलाइन मेडिकल के संचालक राजकुमार दुआ ने बताया कि 25 मई को 2:30 बजे उसकी दुकान का ताला तोड़कर एक लाख 80 हजार, मोबाइल और पर्स चोरी कर लिए थे। यह वारदात भी सीसीटीवी में कैद हुई थी। इन चोरों की उम्र भी 25 साल के करीब थी।