हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज ने नासिर जुनैद हत्याकांड पर कहा कि यह मामला राजस्थान पुलिस का है। मामला राजस्थान में दर्ज हुआ है और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। जांच तो उन्होंने करनी है। राजस्थान सरकार से यही कहना चाहूंगा कि जिस प्रकार से पुलिस की साइंटिफिक जांच होनी चाहिए, वैसे ही करें, लठम-लठा जांच मत करो। उसका रिएक्शन होता है।
वे शनिवार को दोपहर बाद करनाल जिले की घरौंडा विधानसभा से विधायक हरविंदर कल्याण के फार्म हाउस पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ने का अभियान चला रही है।
पहले कांग्रेस नेता अपने हाथ तो मिला लें। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, किरण चौधरी व कुमारी शैलजा से हाथ मिला लें। गृह मंत्री अनिल विज शनिवार को समालखा से चंडीगढ़ की ओर जाते समय अचानक विधायक हरविंदर कल्याण के निवास पर पहुंच गए। जहां पर विधायक व पार्टी के पदाधिकारियों ने उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
विधायक की मां के पैर छू लिया आशीर्वाद
गृह मंत्री अनिल विज विधायक के परिवार से मिले और उनकी माता का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विधायक ने मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका परिचय भी कराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषय पर चर्चा की। मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज पार्टी सत्ता में है तो भाजपा कार्यकर्ताओ ने वर्षों तक मेहनत और संघर्ष किया है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है कि आज भाजपा की प्रदेश में दूसरी बार सरकार में है।
हाथ से हाथ जोड़ने वालों ने सदा तलवारें चलाने का काम किया
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस की हाथ जोड़ो अभियान ढकोसला है। कांग्रेस वाले पहले अपने हाथ से हाथ तो जोड़ लें। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ने का अभियान चला रही है, उन्होंने सदा तलवार चलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 1947 में बंटवारे के समय एक लाख लोग मरवा दिए थे। इसी के साथ 1984 में दंगे करवाए। उन्होंने बजट को सहरानीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश को विकास से विकसित तक ले जाना है और भाजपा शासित सरकारें उसी के आधार पर कार्य कर रही हैं।