हरियाणा के झज्जर में गांव छुछकवास व ग्वालीशन के बीच शनिवार देर शाम को पैसों के लेनदेन के चलते 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो कारों में सवार होकर युवकों के बीच आपस में कहासुनी हो गई और कार में सवार युवक को दूसरी कार में सवार होकर आए एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी। घायल अवस्था में युवक को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवक शराब बेचने का कार्य करते थे। मृतक के परिजनों के बयान न हो पाने के कारण पुलिस की ओर से मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस टीम मौका मुआयना करने के बाद रोहतक पीजीआई पहुंच गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
रोहतक जिले गांव मोखरा निवासी सुमित पुत्र खजान सिंह व मारौत निवासी बंटी का सुमित के साथ पैसों का लेनदेन था। पैसे लेने के लिए सुमित अपने साथियों के साथ गांव मारौत में आया हुआ था। जब बंटी के दो साथी और सुमित गाड़ी में बैठे हुए थे तो बंटी ने सुमित को गोली मार दी। जिससे सुमित की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सुमित फिलहाल चरखी दादरी जिले के गांव पैंतावास में रहता था।
गांव छुछकवास व ग्वालीशन के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर मारौत के बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुमित को गोली मार दी। वारदात में सुमित की मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- जितेंद्र सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, थाना बेरी।