अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)।
इंद्री अनाज मंडी में प्रशासन की मिलीभगत से गैर कानूनी ढंग से यूपी के व्यापारियों का गेहूं धड़ल्ले से खरीदने के मामले में चार आढ़तियों का मार्केट कमेटी द्वारा लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। मार्केट कमेटी सचिव ने इन चारों दुकानों का नाम नहीं बताया है।
बता दें 7 मई सोमवार सुबह अनाज मंडी इंद्री में यूपी के व्यापारी का गेहूं से भरा हुआ ट्राला एक आढ़ती की दुकान पर उतारा गया। ट्राले के अंदर उत्तर प्रदेश मार्का के गेहूं से भरे हुए कट्टे लदे हुए थे। अमर उजाला टीम इंद्री ने इस गैर कानूनी ढंग से गेहूं बेचने के गोरख धंधे को उजागर करते अनाज मंडी में बिक रहे यूपी के गेहूं के खिलाफ मुहिम चलाई और इस मामले को भी 8 मई को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए मार्केट कमेटी सचिव ने इसकी जांच की और चार आढ़तियों के लाइसेंस रद्द किए। इससे पहले, पहले ब्याना अनाज मंडी में यूपी के व्यापारी का गेहूं से भरा हुआ ट्राला किसान यूनियन द्वारा पकड़ा गया था। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद भी मार्केट कमेटी सचिव सुंदर सिंह द्वारा रफा दफा कर दिया था। किसान यूनियन द्वारा मार्केट कमेटी ब्याना मंडी के कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया गया था। इसके दबाव के चलते सचिव द्वारा ब्याना मंडी के एक आढ़ती का लाइसेंस कुछ समय के लिए निलंबित किया गया था, क्योंकि प्रदेश सरकार ने यूपी के व्यापारियों के गेहूं की खरीद पर बैन लगाया हुआ है। फिर भी आढ़ती यूपी के व्यापारियों से यूपी का गेहूं खरीदने से बाज नहीं आए।