अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। घरौंडा के गांव कोहंड में डेरे पर दिनदहाड़े हाथ में पिस्तौल लेकर दो नकाबपोश घुस गए। घर में अकेली महिला के साथ बदमाशों ने मारपीट की और फिर सारे गहने ले लिए और जाते हुए घर में तोड़फोड़ भी कर गए।
आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना महिला के पति को दी। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को कोहंड निवासी मोनू शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उसकी पत्नी घर में अकेली थी वे गांव में डेरे पर रहते हैं। घर के अन्य सदस्य कहीं गए हुए थे। इस दौरान नकाबपोश दो लड़के उसके घर में घुस गए। उनके हाथों में पिस्तौल थी। उन्होंने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की घर में तोड़फोड़ की और सोने की चेन, एक कड़ा भी ले लिया। इतना ही नहीं जाते हुए उसकी पत्नी को कोई नशीला पदार्थ सुंघा गए, जिस कारण वह बेहोश हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।