अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। रेलवे भर्ती की परीक्षा में मुन्ना भाई बनकर पेपर दे रहे दो युवक चेकिंग के दौरान पकड़े गए। परीक्षा अधीक्षक की शिकायत के बाद मधुबन पुलिस परीक्षा केंद्र पहुंची और दोनों युवकों से पूछताछ की। काबू आए दोनों युवकों की आईडी चेक की गई तो खुलासा हुआ की परीक्षा देने के लिए गड़बड़ी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
रेलवे भर्ती की परीक्षा के दौरान पकड़ में आये इस फर्जीवाड़े के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जाहिर की जा रही है। बसताड़ा स्थित आरपीआईटी कॉलेज के कैंपस में रेलवे द्वारा ग्रुप-डी की भर्ती परीक्षा करवाई जा रही है। टाटा कन्सल्टेंसी की देखरेख में चल रही लिखित परीक्षा में ग्रुप-डी के अभ्यर्थियों ने तीन शिफ्टों पेपर दिए हैं। कुल नब्बे मिनट की इस परीक्षा की पहली शिफ्ट सुबह साढ़े आठ बजे से 10 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से 1: 30 तक और तीसरी शिफ्ट 3: 30 से 5 बजे तक में पांच सौ के करीब अभ्यर्थियों ने पेपर दिए। रेलवे भर्ती की इस अहम् परीक्षा के दौरान दो मुन्ना भाई काबू आये हैं, जो फर्जीवाड़े के जरिए एक दूसरे के स्थान पर एग्जाम मे बैठे थे। दरअसल सायं कालीन शिफ्ट में परीक्षा केंद्र पर नियुक्त अधिकारियों को परीक्षा दे रहे एक युवक पर शक हुआ। अधिकारियों द्वारा छानबीन किये जाने पर खुलासा हुआ कि पकड़ा गया युवक फर्जी अभ्यार्थी है और किसी अन्य उम्मीदवार के स्थान पर पेपर दे रहा है। मामले का खुलासा होने पर परीक्षा केंद्र में मौजूद रेलवे अधिकारियों ने असली उम्मीदवार को भी कोलेज कैंपस से काबू कर लिया। परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने तुरंत मामले की सूचना मधुबन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि जयपुर निवासी एक अभ्यर्थी के स्थान पर दिल्ली का एक युवक परीक्षा में शामिल हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। रेलवे भर्ती की परीक्षा के दौरान पकड़ में आये इस फर्जीवाड़े के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जाहिर की जा रही है, क्योंकि राजस्थान के जयपुर जिले के निवासी उम्मीदवार की जगह पर दिल्ली का फर्जी परीक्षार्थी मिलने से यह मामला जांच का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों के नाम सार्वजनिक नहीं किये है।
रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने के आरोप में दो युवक हिरासत में लिए गए हैं। एक युवक दिल्ली का निवासी है जो राजस्थान के अभ्यार्थी की जगह पर परीक्षा दे रहा था। रेलवे अधिकारियों से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।-सुखपाल जांच अधिकारी, थाना मधुबन।