अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। करनाल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की और वहां का रिकार्ड खंगाला, हालांकि एनआईए की टीम को कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। एनआईए की टीम में एसपी रैंक के अधिकारी थे जो पहले डेरा कार सेवा कलंदरी गेट पहुंचे। वहां उन्होंने डेरा कार सेवा का निरीक्षण किया और फिर वहां का रिकार्ड खंगाला की यहां कौन-कौन व्यक्ति रहता है और कौन-कौन रहकर जा चुका है।
एनआईए की टीम की यह कार्रवाई करीब आधा घंटा तक चली। जांच के दौरान गुरुद्वारे के बाहर पुलिस के जवान तैनात रहे। बताया जा रहा है कि गत दिनों यूपी पुलिस पर कुछ बदमाश यूपी पुलिस पर हमला कर हत्या लेकर फरार हो गए थे। जिनको एनआईए की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की हत्या की राजिश कर रहे थे। एनआईए टीम द्वारा इस मामले में गुरुद्वारा डेरा कार सेवा में पहुंचकर रिकार्ड खंगाला और जांच की गई, क्योंकि पुलिस को आशंका थी की मुख्य आरोपी जर्मन सिंह वारदात को अंजाम देने के बाद करनाल के डेरा कार सेवा रूका था। डेरा कार सेवा के जनरल सेक्रेटरी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को एनआईए के कुछ अधिकारी डेरा कार सेवा में पहुंचे थे। उन्होंने डेरे में इस मामले में पूछताछ की और डेरा का रिकार्ड चेक किया। टीम ने करीब आधा घंटा तक जांच की और इसके बाद वह चले गए। वहीं करनाल एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि बुधवार को एनआईए की टीम आई थी, उन्होंने कुछ पुलिस कर्मचारी मांगे थे, जो उन्हें दे दिए थे।