अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। एक महिला पुलिसकर्मी को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके अश्लील फोटो खींचने और उसके एटीएम से 7 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पीड़ित महिला ने बताया कि एक वर्ष पहले सिपाही सुधीर कुंडू सोनीपत को जानती थी। सुधीर ने उससे एक व्हाट्सअप ग्रुप में जुड़ने के लिए कहा और बताया कि इसमें ज्ञान की बातें शेयर की जाती हैं। इस पर वह उस ग्रुप से जुड़ गई। ग्रुप का एडमिन मनजीत जांगड़ा निवासी फरीदाबाद था। आरोप है कि व्हाट्सअप पर बातें हुईं तो जांगड़ा ने खुद को कस्टम ऑफिसर बताया। झांसा देकर वह एक दिन उसके क्वार्टर पर आया और कहा कि ये प्रसाद है बाला जी का। जैसे ही मैंने प्रसाद खाया तो होश नहीं रहा और आरोपी ने उसके अश्लील फोटो ले लिए। महिला का कहना है कि इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई और वह उसके बहकावे में आ गई। आरोप है कि मंजीत जांगड़ा ने एक दिन पैसे की जरूरत की बात कही तो उसे कुछ पैसे दे दिए, लेकिन एक दिन मेरा एटीएम कार्ड घर से गायब मिला। बाद में आरोपी अलग-अलग जगहों से पैसे निकलवाता रहा। एक दिन उसके पति ने उसका बैंक खाता चेक किया तो पाया कि खाते से सात लाख रुपये निकल चुके हैं। जब आरोपी से पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी, इतना ही नहीं महिला के पति को उसके फोटो भी भेज दिए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जांगड़ा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि आरोप ने महिला व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। तरसेन सिंह थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है।