अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सेक्टर-6 स्थित एक मकान से ताले चाबी ठीक करने वाले दो सरकार 42 तोले सोने के गहने चोरी कर ले गए। इन दोनों व्यक्तियों को अलमारी का लॉक ठीक करने के लिए बुलाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-6 निवासी राहुल ने बताया कि 18 मार्च को उनके घर के सामने से ताले चाबी ठीक करने वाला एक सरदार आवाज लगा रहा था। उसकी आवाज सुनकर उसकी मां ने अलमारी का लॉक ठीक कराने के लिए उसे घर में बुला लिया। वह अलमारी का लॉक देखकर बोला की इस लॉक को उसका भाई ठीक कर पाएगा और वह कल उसे लेकर आएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। अगले दिन 19 मार्च को सुबह करीब 11 बजे वह अपने अपने साथ एक और सरदार को लेकर आया और अलमारी का लॉक ठीक करने लगा। इस दौरान उन्होंने दूसरी अलमारी का लॉक खोलकर वहां से 42 तोले सोने के गहने चोरी कर लिए और उसकी मां से ताला ठीक करने के रुपये लेकर चले गए। 20 मार्च को उसे कुछ दस्तावेज चाहिए थे। इस लिए वह अलमारी को खोलने लगा तो वह नहीं खुली, उसने दूसरा ताला चाबी ठीक करने वाला बुलाया तो उसने अलमारी खोली। उसमें देखा तो गहने रखने वाले सारे बॉक्स खाली थे।