अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। सरकारी सीमेंट का अपने निजी मकान में प्रयोग करने के मामले में विजिलेंस की रिपोर्ट के बाद आखिरकार ब्लॉक समिति की चेयरमैन सीमा अरडाना और उसके पति राजीव अरडाना पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, ब्लॉक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना का कहना है कि उनके पास मामला दर्ज होने जैसी कोई खबर नहीं है।
बता दें कि अरडाना निवासी सतीश कुमार ने ब्लॉक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना के खिलाफ, सीएम विंडो, एसडीएम असंध, बीडीपीओ असंध समेत कई उच्चाधिकारियों को शिकायत कर आरोप लगाया था कि चेयरमैन ने गांव में अपने मकान के निर्माण में सरकारी सीमेंट का प्रयोग कर अपने पद का दुरुपयोग किया है। इसके बाद इस मामले की जांच असंध बीडीपीओ ने की थी, जिसमें उन्हें क्लीन चिट दे दी गई थी, लेकिन इसके बाद सतीश ने बीडीपीओ की जांच से असंतुष्टी जताते हुए मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। इसके बाद मामले की जांच खुद सीएम मनोहर लाल ने विजिलेंस डीएसपी श्याम लाल को सौंपी थी। इसमें ब्लॉक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना और उसके पति राजीव अरडाना को सरकारी सीमेंट का प्रयोग करने का दोषी पाया गया। जांच अधिकारी श्यामलाल ने अपनी जांच की अंतिम रिपोर्ट महानिदेशक राज्य चौकसी ब्यूरो हरियाणा, मुख्य सचिव हरियाणा सरकार व चौकसी विभाग चंडीगढ़ को भेज दी थी। इसके बाद असंध थाना में ब्लाक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना व राजीव अरडाना के खिलाफ धारा 420, 409 व 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोर्ट में जाऊंगा : सतीश
इस मामले के शिकायतकर्ता सतीश कुमार का कहना है कि विजिलेंस ने मामले की निष्पक्ष जांच की है, जिस कारण दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले जिन अधिकारियों ने मामले की जांच की थी वो सभी राजनीतिक दबाव के कारण सही जांच नहीं कर रहे थे। सतीश ने कहा कि उन्हें शक है कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते पुलिस इनकी गिरफ्तारी में आनाकानी करेगी। अगर जल्द ही ब्लाक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना व उसके पति राजीव अरडाना की गिरफ्तारी नही हुई तो वह मामले को लेकर कोर्ट में जाएंगे और तब तक चुप नहीं बैठेंगे जब तक इन्हें सजा नहीं होती।
जांच में जो तथ्य सामने आए वही रिपोर्ट दी : डीएसपी
इस मामले में जांच अधिकारी विजिलेंस डीएसपी श्यामलाल ने बताया कि हमने इस मामले की जांच की थी मामले में जो तथ्य सामने आए हैं, उसके आधार पर हमने ब्लाक समिति चेयरमैन सीमा अरडाना व उसके पति राजीव अरडाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।