अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)। डाकघर के कर्मचारी द्वारा धोखाधड़ी को लेकर गांव हिनौरी के दर्जनभर ग्रामीणों ने बुधवार को नारेबाजी की। गौरतलब है कि गांव में खुले लघु पोस्ट आफिस में तैनात एक कर्मचारी ने गांव के गरीब लोगों को सरकार की स्कीमों में पैसे जमा करवाने की सलाह दी। इससे प्रभावित होकर काफी लोगों ने इन स्कीमों में पैसे जमा करवा दिये। उक्त कर्मचारी लोगों के पैसे पासबुक में तो जमा करा देता था, लेकिन सरकारी खातों में जमा नहीं करवाता था। धोखाधड़ी का यह मामला 16 लाख रुपये का बताया जा रहा है। मामले की शिकायत लोगों ने पुलिस व डाकघर के उच्चाधिकारियों को की है।
विभागीय अधिकारी इस बात से तो सहमत हैं कि पास बुक में पैसे जमा किए गए हैं और उस पर डाकघर की मोहर भी लगी हुई है, लेकिन यह सारा पैसा सरकारी खातों में एंट्री नहीं किया गया है। मामला लगभग 15 लाख रुपयों का बताया जा रहा है। गांववासी रविन्द्र सिह, लीला, ओमवती, राजकुमार, मायादेवी, सरोज बाला, जोनी कुमार, सुमित्रा, शिमला, दिल्लों, ऊषा देवी, संगीता देवी, कमलेश, नीलम, बीर सिंह, संतोष, शशि, सुमन, गुरदयाल सिंह व अनीता कहा कि हम गरीब लोग है और बड़ी मुश्किलों से हमने थोड़े थोड़े पैसे इन स्कीमों में जमा करवाए थे। लोगों की मांग है कि इनका सारा पैसा उन्हें दिया जाए।
जांच के लिए एसपी को लिखा पत्र : डाकघर अधिकारी
डाकघर अधिकारी राकेश कुमार का कहना है कि गांववासियों के साथ धोखाधड़ी हुई है। जांच पड़ताल से पता चला है कि यह सारा मामला लगभग 16 लाख का है। इस बारे इंद्री थाना अधिकारी व एसपी करनाल के नाम पत्र लिख दिया है। शीघ्र ही इसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा।