अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। पंजाब के भैसों के व्यापारी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंजाब के पटियाला से आए एक परिवार ने असंध के जींद चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम रहा और मृतक के बहनों ने रोते हुए पुलिस से इंसाफ केे गुहार लगाई। वहीं, उन्होंने एक पुलिस कर्मचारी पर भी आरोप लगाए है कि उसने रिश्वत लेकर इस मामले को दबाने का प्रयास किया। परिजनों ने जमकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर असंध थाना प्रभारी और डीएसपी पहुंचे और परिजनों को समझाकर, आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। फिर उन्होंने जाम खोल दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए असंध के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
पड़ोसी गांव के ही दो व्यक्तियों ने रुपये छिनकर की हत्या
पंजाब के पटियाला जिला के गांव कलवानू निवासी मिंटू ने आरोप लगाया कि उसका 50 वर्षीय पिता फकीरीया भैंसो के व्यापार का काम करता था। वह 5 अक्तूबर को उनके पास के गांव बनवाली निवासी अवतार सिंह के साथ जींद जिले के गांव निम्राबाद में उसके भांजे विक्रम के पास अवतार सिंह की बाइक पर सवार होकर आया। उसी रात को असंध के कैथल रोड स्थित गुरुद्वारे के पास अवतार सिंह व उसके भांजे विक्रम ने उसके पिता के ऊपर लोहे की रोड से हमला कर उसे घायल कर दिया और उसके पिता की जेब से एक लाख 12 हजार रुपए निकाल लिए। दोनों आरोपी उसके पिता को इलाज के लिए पटियाला लेकर आए, जहां कई दिनों तक उसके पिता का इलाज अस्पताल में चला और अब उसके पिता ने दमतोड़ दिया। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी तो असंध थाना के एक पुलिस कर्मी ने अवतार की बाइक भी पकड़ ली थी, लेकिन उसने रुपये लेकर उसे छोड़ दिया और मामला दबाने की प्रयास किया।
बहने पुलिस के सामने रोती हुई बोली साहब हमें इंसाफ दो
मृतक की बहनें सुखी कौर, रानी कौर व मेलो कौर पुलिस के सामने अपने हाथ जोड़ कर इंसाफ के लिए गिड़गिड़ाती रही। वे दोनों आरोपियों व पुलिस के कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती रही। वहीं इस दौरान रोते रोते मृतक की छोटी बहन रानी कौर कई बार बेहोश भी हुई। मृतक की पत्नी हरमेल कौर, दोनों बेटे लाली, मिंटू व लड़कियों परमजीत कौर, चरणजीत कौर का भी रो रो कर बुरा हाल था।
खिलाफ किया हत्या का मामला दर्ज : थाना प्रभारी
असंध थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे मिंटू की शिकायत पर पंजाब के पटियाला जिला के गांव बनवाली निवासी अवतार सिंह व जींद जिले के गांव निम्राबाद निवासी विक्रम के खिलाफ हत्या के साथ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस कर्मी के मामले की भी जांच कराई जाएगी।