अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
महंगे मोबाइलों के शौक और मौज मस्ती करने के लिए पुलिस कर्मचारियों के बेटे बॉक्सर बनने से पहले स्नेचर बन गए। स्कूली स्तर पर नेशनल स्तर पर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खेल चुके ये खिलाड़ी बाद में मोबाइल और पर्स छीनने लगे। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी घर से कर्ण स्टेडियम में अभ्यास का बहाना बनाकर शहर आते थे और जो भी पर्स छीनने व अन्य सामान मिलता था, उसे आधा आधा बांटते थे। इन आरोपियों ने पिछले चार माह में दस वारदात को अंजाम दिया। इस पूरे मामले का खुलासा सीआईए वन टीम ने किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है, जबकि एक फरार चल रहा है। रविवार को सीआईए स्टाफ में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इनसे फरार आरोपी के ठिकानों का पता लगाया जाएगा और साथ रिकवरी भी की जाएगी।
जुंडला गेट से चोरी के मोबाइल के साथ किया गिरफ्तार
एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि सीआईए-1 के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलदीप सिंह ने 12 मई को एएसआई चंदेश्वर की अध्यक्षता में एक टीम को शहर थाना में गश्त के लिए भेजा, इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना की जुंडला गेट के पास दो युवक एक चोरी का मोबाइल लेकर खड़े हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शिवम मेहरा वासी अशोक विहार मधुबन पुलिस अकादमी व राहुल वासी मधुबन कांप्लेक्स करनाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से चोरी का मोबाइल और बाइक बरामद कर ली।
नेशनल लेवल पर खेल चुके हैं आरोपी
एसपी ने बताया कि जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अलग-अलग जगहों पर 9 स्नेचिंग और एक बाइक चोरी की वारदात कबूली है। इनमें से दो वारदात को अंजाम दोनों आरोपियों ने अपने साथी मोहित के साथ दिया है। ये तीनों आरोपियों के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और तीनों बॉक्सिंग के खिलाड़ी भी हैं। ये तीनों कर्ण स्टेडियम में अभ्यास करने के लिए आते थे। जो स्कूल स्तर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप खेल चुके हैं। आरोपी राहुल मधुबन पुलिस अकादमी में भी अभ्यास करता था जो स्टेट लेवल पर ब्रांज मेडल भी जीत चुका है। बताया जाता है कि तीनों आरोपी प्राइवेट तौर पर 12वीं कक्षा के छात्र हैं।
पुलिस का दावा इन वारदात को दिया अंजाम
1. करीब 4 माह पहले सदर बाजार करनाल से रात के समय पैदल जा रही एक महिला से पर्स छीनकर अपने दोस्त मोहित के साथ बाइक पर फरार हो गए थे।
2. चार महीने पहले सेक्टर-12 करनाल में बाइक पर सवार होकर जाट धर्मशाला के पास स्कूटी पर सवार लड़की से पर्स छीना।
3. तीन महीने पहले सेक्टर-6 करनाल में प्रताप पब्लिक स्कूल के समीप रात को बाइक पर सवार होकर एक युवती से पर्स छिना।
4. करीब 2 महीने पहले अटल पार्क करनाल की पार्किंग से एक बाइक चोरी की थी।
5. करीब एक महीने पहले सेक्टर-13 करनाल में ओपीएस स्कूल के समीप पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल छिना। जो आरोपियों से बरामद कर लिया गया है।
6. करीब एक महीना पहले देवी लाल चौक करनाल से महाराणा प्रताप चौक करनाल की ओर पैदल जा रहे व्यक्ति से मोबाइल छीना।
7. करीब एक महीना पहले बस स्टैंड करनाल के सामने गली में एक साइकिल सवार युवक से मोबाइल छीना।
8. करीब 15 दिन पहले नमस्ते चौक करनाल से मीरा घाटी की ओर पैदल जा आ रहे एक व्यक्ति से मोबाइल झपटा।
9. करीब एक महीना पहले मॉडल टाउन करनाल में पतंजलि स्टोर के पास एक साइकिल सवार से फोन छीना था।
10. करीब 15 दिन पहले अस्पताल चौक करनाल के समीप मॉडल टाउन की ओर पैदल आ रहे एक युवक के से मोबाइल छीना।