करनाल में पुलिस सुरक्षा फेल, सीएम का काफिला रोकने की कोशिश, दिखाए काले झंडे
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
गुप्तचर विभाग की तमाम तैयारियों और चौकसी को धता बताते हुए एनएसयूआई सदस्यों ने न केवल सीएम को काले झंडे दिखाए, बल्कि अचानक आगे आकर सीएम का काफिला भी रोकने का प्रयास किया। आननफानन में पुलिस कर्मियों ने सदस्यों को सड़क से हटाया। मामले में पुलिस ने एनएसयूआई के सदस्यों को हिरासत लेते हुए 15 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बता दें कि शनिवार को नई शुगर मिल का शिलान्यास करने के लिए सीएम मनोहर लाल को मेरठ रोड स्थित शुगर मिल में जाना था। प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता होने के दावे किये थे। इसके बावजूद पुलिस की तमाम व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए एनएसयूआई के सदस्य मेरठ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर एकत्रित हो गए और जैसे ही सीएम का काफिला यहां से गुजरा तो अचानक 15 युवक काले झंडे लेकर सड़क पर आ गए। युवकों ने काफिले को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने युवकों को रास्ते हटा दिया और सीएम का काफिला निकल गया। इसके बाद पुलिस ने युवकों की धरपकड़ की, इनमें से कई युवक मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने तीन को हिरासत में ले लिया। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गौरव शर्मा, साहिल, मोहित समेत 15 के खिलाफ रास्ता रोकने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।