पिता और उसके तीन बेटों पर चौथे बेटे की हत्या का आरोप, मामला दर्ज
रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद, पत्नी ने ससुर और देवरों पर लगाया हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। इंद्री के गांव छापर डेरा में पिता सहित तीन भाइयों पर अपने ही भाई की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिछले माह अक्तूबर में पिता और उसके तीन लड़कों ने अपने ही भाई की खेत में हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। चारो आरोपी फरार हैं।
छापर डेरा निवासी सुरेंद्र कौर ने बताया कि उसका पति सुखजीत सिंह दुबई में काम करता है और वह घर आता-जाता रहता था। उसका एक बेटा भी दुबई में काम करता है। दुबई से उसका पति जो रुपये भेजता था उन्हें उसका ससुर फुला सिंह, देवर राव विरेंद्र सिंह, प्रेम और सुरेंद्र ये सभी घर में खर्च कर लेते थे और कहते थे कि जब उन्हें जरूरत होगी वे सारे रुपये दे देंगे। एक दिन उसके पति को दुबई जाना था तो उसने अपने पिता और भाइयों से रुपये मांगें तो उन्होंने मना कर दिया और झगड़ा करने लगे। इसके बाद उसका पति खेत में चला गया और शाम तक घर नहीं लौटा। वह खेत में अपने पति को देखने गई तो वहां नहीं मिला।
इसके बाद उसने अपने देवर को कहा कि उसका पति नहीं मिल रहा। इसके बाद वे कुछ देर बाद खेत से पराली लेकर आए और पराली से उसके देवरों ने उसके पति का खून से लथपथ शव निकाला और बोले कि हार्टअटैक से उसके पति की मौत हो गई। इस दौरान उसके बेटे ने देखा की उसके पिता के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। इस बारे में जब उसने अपने देवरों से पूछा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उसने अपने भाई को फोन कर सारी बात बताई और आरोप लगाया कि उसके ससुर व तीन देवरों ने उसे पति की हत्या कर दी है।