अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के राज्यमंत्री कर्ण देव कांबोज के हलके में ही डिपो पर दिये जाने वाले सरसों के तेल को लेकर घोटाला सामने आया है। दरअसल, डिपो धारकों पर पात्र लोगों के लिए दो लीटर तेल भेजा गया था, लेकिन डिपो होल्डर्स ने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके पात्र लोगों को केवल एक-एक लीटर तेल ही दिया गया। इससे भी बड़ी बात ये है कि ये सारा खेल आनलाइन प्रणाली होने के बावजूद किया गया है। आरोप है कि न तो डिपो होल्डर्स द्वारा न तो पात्र लोगों को रसीद दी गई, जबिक उनके अंगूठे पूरे दो लीटर तेल पर कराए गए हैं। मामले का खुलासा होने के बाद से अब विभागीय अधिकारी शिकायतकर्ताओं को शांत कर मामले को दबाने में जुटे हुए हैं।
मामला इस प्रकार से है कि जून माह में पूरे हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में प्रत्येक डिपो होल्डर के पास निर्धारित राशन कार्ड उपभोक्ता के लिए 2 लीटर सरसों का तेल आया था, परंतु इंद्री के गांवों के डिपो होल्डर ने निर्धारित उपभोक्ताओं को 2 लीटर सरसों के तेल की जगह एक लीटर तेल का ही आवंटन किया है। गांव ब्याना के उपभोक्ताओं ने बताया कि 1 जुलाई को भी डिपो होल्डर द्वारा तेल उपलब्ध करवाया गया है, जबकि सभी डिपो होल्डरों की पीओएस मशीन बीती 30 जून को बंद हो चुकी थी और नियम अनुसार कोई भी डिपो होल्डर्स प्रत्येक माह की अंतिम तारीख उपरांत सरकारी राशन का आवंटन नहीं कर सकता है। किरण, निर्मला, रेणु, अनिता, सुलेखा, कर्ण सिंह, जगमाल आदि ने बताया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के लिए दो लीटर सरसों का तेल भेजा गया था, लेकिन लोगों को एक एक लीटर तेल ही देकर उनके पूरे तेल देने को लेकर मशीन पर अंगूठे लगवा लिया गए। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी डिपो होल्डर्स लोगों के साथ ठगी करते रहे हैं और पूरा राशन ने देकर कम राशन देते हैं। अगर कोई शिकायत करता है तो उसके साथ बुरा व्यवहार किया जाता है। उपभोक्ताओं ने बताया कि डिपो होल्डर्स द्वारा न तो कोई राशन की रसीद दी जाती है और न ही कोई अन्य ब्योरा, केवल ग्राहकों के पूरे राशन पर अंगूठे ले लिए जाते हैं।
राशन वितरण के समय नहीं होती चेकिंग, डिपो होल्डर्स मनमानी पर उतरे
पीडीएस कंट्रोलर 2009 के अनुसार जब भी डिपो होल्डर द्वारा सरकारी राशन का आवंटन किया जाएगा, उस समय मौका पर संबंधित सेंटर का निरीक्षक या उप निरीक्षक मौजूद रहेगा, परंतु डिपो होल्डर्स द्वारा 2 लीटर सरसों तेल की जगह 1 लीटर सरसों तेल का बांटा जाना इंद्री सेंटर के निरीक्षक व उप निरीक्षक पर भी सवालिया निशान खड़ा करता है। ऐसे में लोगों को पूरा राशन किस प्रकार से मिल सकता है।
मंत्री का भी नहीं है भय
वैसे तो इन्द्री विधानसभा क्षेत्र से जनता द्वारा चुने गए विधायक कर्ण देव को सरकार द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का मंत्री बनाया गया है। डिपो होल्डर्स भी मंत्री के विभाग के अधीन ही आते हैं, ऐसे में इन्द्री विधानसभा क्षेत्र के डिपो होल्डर्स द्वारा 1 लीटर तेल का आवंटन किए जाने से जाहिर होता है कि डिपो होल्डरों को मंत्री का भी कोई डर नहीं है। सबसे बड़ा सवाल जब गांव ब्याना के डिपो धारकों की पीओएस मशीन में सरसों तेल का बैलेंस दिनांक 1 जुलाई को था ही नहीं तो उसने निर्धारित उपभोक्ताओं को तेल का आवंटन कैसे कर दिया?
कराई जाएगी जांच : इंस्पेक्टर
इस मामले में डीएफएससी विभाग की इंस्पेक्टर डिंपल रानी ने बताया कि पूरे जिले में निर्धारित उपभोक्ताओं के लिए 2 लीटर सरसों तेल आया है, जिन डिपो धारकों ने उपभोक्ताओं को 2 लीटर तेल की जगह 1 लीटर तेल का आवंटन किया है उन सभी की जांच की जाएगी। गलत कार्य किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।