गांव माजरा रोड़ान के किसान कर्म सिंह के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने चेक द्वारा 1 लाख 80 हजार रूपये की रकम निकाल लिया। इसकी सूचना कर्म सिंह को तब मिली जब वह बैंक से पैसा निकालने आया। इस बारे में पीड़ित ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है। कर्म सिंह ने बताया कि जब वह 8 मई को निगदू स्थित एचडीएफसी बैंक में पैसे लेने आया, तो उसे बताया गया कि उसके खाते से 3 मई को चेक के माध्यम से 1.80 लाख रुपए निकाला गया है।
कर्म सिंह ने कहा कि उसे जब भी पैसे की जरूरत होती है तो वह चेक लेकर बैंक जाता है और बैंक कर्मियों के हाथ से चेक भरवाकर पैसे निकालता है। 2 मई को वह निगदू अनाज मंडी में आढ़ती के पास कुछ रूपये लेने के लिए गया जहां पर आढ़ती से उसे 2 लाख 50 हजार रूपये का चेक दे दिया। उसने वह बैंक में जमा करने के लिए लग दिया। उनका कहना था कि उनके बैंक खाते में पहले करीब 85 हजार रूपये की रकम पड़ी हुई थी। कर्म सिंह ने बताया कि उसने उसी समय बैंक कर्मियों को 3 लाख रूपये देने की बात कही, लेकिन उसे केवल एक लाख रुपए देकर कल आने को कहा। किसान ने बताया कि जब वह दोबारा 8 मई को बैंक से बकाया राशि लेने के लिए गया था उसके खाते में केवल 55 हजार ही रह गए थे। इस बारे में जब बैंक कर्मियों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आपके खाते से तो 3 मई को 1 लाख 80 हजार रूपये की राशि निकल चुकी है।
बैंक कर्मियों ने बताया की विनोद कुमार का कोई व्यक्ति यह राशि ले गया है। किसान कर्म सिंह ने जब बैंक कर्मचारियों से जिस चेक से पैसा निकला वह मांगा उस चेक के पीछे विनोद कुमार के हस्ताक्षर व मोबाइल नम्बर लिखा हुआ था लेकिन जब उस मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया गया तो वह किसी दूसरे राज्य की भाषा में बात कर रहा था। 3 मई को बैंक से किसान कर्म सिंह के खाते से निकालने वाले व्यक्ति की सीसीटीवी कैमरे में फुटेज भी आ हुई है। इस बारे में कर्म सिंह ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।