कुंजपुरा रोड पर नेवल हवाई पट्टी के सामने करीब डेढ़ एकड़ में पूर्व राज्य मंत्री दिवंगत सुरजीत मान की कोठी बनी हुई है। कोठी में उनकी 80 वर्षीय पत्नी कौशल्या, बेटा रणदीप मान व रणदीप मान की पत्नी रनित कौर रहती हैं। रणदीप मान खेती का कार्य संभालते हैं। इतनी बड़ी कोठी में सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण बदमाशों के बारे में कोई भी जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। यदि सीसीटीवी कैमरे होते तो पुलिस को बदमाशों के बारे में पता चल जाता। क्योंकि बदमाशों ने जब मेन गेट खुलवाया था तो उस समय उन्होंने नकाब नहीं पहना था। कमरे में घुसने के बाद उन्होंने नकाब पहना था। इससे भी अहम बात यह है कि घर के बाहर कोई भी गार्ड तैनात नहीं था। हां, घर के अंदर दो विदेशी कुत्ते जरूर थे, लेकिन वे भी काम नहीं आ सके। कुत्ते लोहे की चेन से बंधे थे।
जानिए नौकरों की जुबानी वारदात
आवाज निकाली तो गोली मार देंगे फोटो संख्या- (211)
- रसोइये दलीप ने बताया कि दोपहर को करीब 12 बजे मेन गेट से कुछ लोगों की आवाज आई। गेट खोलने के लिए दूसरा रसोइया पवन गया। वहां उन लोगों से पवन ने पूछा की आप कौन हैं तो उन्होंने कागज दिखाते कहा हम सीआईए से हैं, मालिक से बात करनी है। पवन ने गेट खोल दिया तो दो बदमाश घर के अंदर आ गए और तीसरा गेट पर खड़ा हो गया। दोनों बदमाशों ने मालिक के कमरे में जाते ही नकाब से मुंह ढक लिया और पिस्तौल तान दी। उस समय घर में मालिक रणदीप, बड़ी मालकिन कौशल्या और छोटी मालकिन रनित कौर थीं। इसके बाद उन बदमाशों ने उसे और पवन को भी कमरे में बैठा लिया और कहा कि आवाज निकाली तो गोली मार देंगे।
कहा, साहब बुला रहे हैं..जाते ही दिखाया रिवाल्वर
माली अजय ने बताया कि वह घर के पीछे पार्क में काम कर रहा था। तो एक बदमाश ने आकर कहा कि साहब बुला रहेे हैं। वह कमरे में गया तो देखा कि एक बदमाश पिस्तौल ताने खड़ा था और उसे भी वहां बैठा लिया और मोबाइल बंद कर छीन लिया। इसके बाद, रिवाल्वर तान दिया और कहा कि कमरे में बैठ जा नहीं तो गोली मार देंगे।
मैं कपड़े धो रही थी तो मुझे आवाज लगाई...
सफाई करने वाली महिला सुनीता ने बताया कि वह कपड़े धो रही थी। तभी अंदर से आवाज आई। वह अंदर गई तो बदमाशों ने उसे पिस्तौल व चाकू दिखाया और बोले कि मोबाइल दे और चुप होकर बैठ जा। इसके बाद उन्होंने बड़ी मालकिन और छोटी मालकिन से अलमारी की चाबियां लेकर रुपये व गहने बैग में डालने शुरू कर दिए। बदमाश लोकल भाषा बोल रहे थे और उन्होंने मुंह पर कपड़ा डाला हुआ था।
रैकी कर दिया वारदात को अंजाम
बदमाशों ने जिस तरह लूट की वारदात को अंजाम दिया और उन्होंने घर के नौकरों को भी एक कमरे में बंधक बना लिया था। इससे साफ है कि उन्होंने पहले रैकी की थी। उन्हें यह भी पता था कि घर में कितने लोग रहते हैं। तभी उन्होंने बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। तीनों बदमाश पहले घर के बाहर आराम से बिना नकाब पहले पहुंचे और बाद में फरार हो गए। परिजनों को ये भी पता नहीं लगा कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे या फिर किसी गाड़ी में।
परिवार के सदस्य सहमे, बोले -शुक्र है जान बच गई
लुटेरों के भागने के बाद नौकर व घर के सभी सदस्य डरे हुए हैं। नौकरों ने मेन गेट को ताला लगा दिया है। नौकरों का कहना है कि उनकी जान बच गई। तीनों बदमाशों के पास हथियार थे और वे बार बार चेतावनी दे रहे थे कि अगर आवाज निकाली तो गोली मार देंगे। उसने मालकीन से चाबी मांगी और चाबी नहीं देते तो बदमाश गोली भी मार सकते थे।
कई पुलिस टीमें पहुंची, नौकरों से की पूछताछ
दोपहर को जैसे ही लूट की वारदात का पता लगा कुंजपुरा थाना प्रभारी सतप्राश अपनी टीम के साथ पहुंचे। इसके बाद एक एक करके सीआईए वन के इंचार्ज दीपेंद्र राणा, सीआईए टू के इंचार्ज दीपक मौके पर पहुंचे। दोनों टीमों ने अलग-अलग परिवार के सदस्यों और नौकरों से बातचीत की। फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। थाना प्रभारी सतप्रकाश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।