चौधरी कालोनी स्थित मेयर के घर के पास गांव गढ़ीबीरबल के युवक बालकिशन उर्फ रिंकू की हत्या के मामले में पुलिस छापेमारी कर रही है। पहले जहां पुलिस को आशंका थी कि ये मामला पैसे के लेनदेन का है, वहीं मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि ये मामला पैसे के लेनदेन का नहीं बल्कि लूटपाट का है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या लूटपाट के लिए की गई है।
बता दें कि रविवार देर रात मेयर के घर के पास स्थित बेरी के बाग में खून से लहूलुहान युवक मिला था। एक महिला ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने युवक को अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पैसों के लेन देन को लेकर एक युवक पर आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस की टीमें जांच में जुट गई। सीआईए वन की टीम को ये केस सौंपा गया। सूत्रों का दावा है कि ये मामला पैसे के लेन देन का नहीं है, बल्कि मामला लूटपाट से जुड़ा है। युवक पर लूट के इरादे से ही वार किए गए हैं और उसकी बाइक समेत मोबाइल और अन्य सामान लूट कर ले गए थे। पुलिस सूत्र दावा करते हैं इस लूटपाट में एक युवक समेत एक महिला के शामिल होने की आशंका है। हालांकि, इस बारे में सीआईए वन के प्रभारी दीपेंद्र राणा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।