करनाल। अवैध खनन पर नकेल कसते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने साफ कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए और जरूरत पड़ने पर कुर्की तक की कार्रवाई अमल में लाई जाए। वे मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित मासिक खनन बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
अगस्त माह में अवैध खनन को लेकर साजिद अली पर दर्ज एफआईआर के तहत जल्द गिरफ्तारी और 25 लाख रुपये जुर्माना न भरने पर संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया के निर्देश दिए। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में खनन एरिया का निरीक्षण करें और ओवरलोडिड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करें।
जिला खनन अधिकारी सांची ने बताया कि एक से 27 अगस्त तक अवैध खनन के कार्य में लिप्त 9 वाहनों को जब्त किया गया और 22 हजार 250 रुपये जुर्माना वसूला गया। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ इस अवधि में एक एफआईआर दर्ज कराई गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच में तेजी लाने और अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए। पुलिस माइनिंग, एनफोर्समेंट और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम अवैध खनन को रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी करेगी।