सेक्टर-6 करनाल में बीते मंगलवार रात को एक महिला नर्सिंग सुपरवाइजर ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक युवक की जान बचाई। बेसुध पड़े युवक को जहां भीड़ मृत मान चुकी थी। वहीं, विर्क अस्पताल की नर्सिंग सुपरवाइजर अंकिता मान ने उसकी नब्ज जांची और फिर बिना समय गंवाए सीपीआर देकर उसकी सांसें लौटा दीं। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नब्ज चेक कर दी सीपीआर
अंकिता मान सेक्टर-6 की निवासी हैं और विर्क अस्पताल में नर्सिंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे जब वे अपने बेटे को आइसक्रीम दिलाने के लिए घर से निकलीं, तो गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे भीड़ देखकर रुकीं। वहां एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा था, जिसे देखकर लोगों ने उसे मृत समझ लिया था। मेडिकल फील्ड से जुड़ी अंकिता ने स्थिति को गंभीरता से लिया और युवक की नब्ज चेक की। जब उन्होंने महसूस किया कि युवक की नब्ज चल रही है, तो उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही देर में युवक की सांसें लौट आईं और वह हल-चल करने लगा। इसके बाद अंकिता ने विर्क अस्पताल की एंबुलेंस मंगवाई और युवक को अस्पताल पहुंचाया।