माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सड़कों की सफाई करने वाली मशीन के धूल उड़ाने पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। मशीन को ठीक कराया जा चुका है। मशीन के चालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ये मशीन शहर की सड़काें से धूल समेटने के लिए लगाई गई थी। खराब होने से धूल के गुबार उड़ा रही थी। अमर उजाला ने इस समाचार को अपने नौ नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे इंद्री लाडवा की ओर जाने वाले रास्ते पर इस मशीन के धूल उड़ाने से लोग परेशान रहे थे। अब मशीन में पीछे पानी की बौछारें करने के लिए उपकरण लगाए गए हैं। बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए नगर निगम ने शहर की सड़कों पर छिड़काव के लिए पानी के दो टैंकर लगाए हैं। अब एंटी स्मॉग गन को खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार का कहना है कि अगले सप्ताह तक एंटी स्मॉग गन आ सकती है। इससे हवा में फैल रहे स्मॉग को कम किया जाएगा। नगर निगम को ये सभी निर्देश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी किए गए थे। ग्रेप-2 लगते ही एचएसपीसीबी की ओर से निगम समेत 31 विभागों को आवश्यक हिदायतें दी गई थी।
रविवार के अवकाश के कारण शहर में गाड़ियां कम निकलने को इसका कारण माना जा रहा है। कई बाजार भी बंद रहे। सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम रहा और सड़कों से धूल कम उड़ी। एक्यूआई 255 से घटकर 184 तक पहुंच गया।