संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कलरी जागीर गांव के कृष्ण कुमार ने स्विफ्ट कार के लालच में दो लाख 60 हजार रुपये गंवा दिए। किसान को लालच दिया गया कि उसने जो दवा मंगवाई थी, उस कंपनी ने लक्की ड्रॉ निकाला है। कार के फाइल चार्ज और अन्य खर्चों के नाम पर उससे बार-बार पैसे मंगवाए गए। धोखाधड़ी का पता चलने पर शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
कृष्ण कुमार ने बताया कि वह एक किसान के यहां मजदूरी का काम करते हैं। उन्होंने फेसबुक पर विज्ञापन देखकर जुलाई में दवा मंगवाई थी। दवा 799 रुपये की आई। अगस्त माह में उनके पास एक नंबर से फोन आया। आरोपी ने कहा कि आप का नाम लक्की ड्राॅ में आया है। आरोपी ने कहा कि उनकी स्विफ्ट डिजायर कार निकली है। उन्हें कहा गया कि आप कार लेना चाहते हो तो कार ले लो या फिर पैसे ले लो। उन्होंने कार लेने की बात कही। आरोपी ने कहा कि कार के लिए आपको दो हजार 550 रुपये देने होंगे।
उन्होंने अपने दोस्त मनीष के फोनपे से आरोपी को ये पैसे भेज दिए। इसके बाद उनसे आठ हजार 600 रुपये मांगे गए। उन्होंने अपने मालिक से कहकर ये पैसे भेजे। इसके बाद आठ हजार 600 रुपये जीएसटी के नाम पर मांगे गए। ये पैसे भी उन्होंने दोस्त मनीष से भिजवा दिए। फाइल तैयार करने की एवज में भी उनसे छह हजार 250 रुपये की मांग की गई। उन्होंने एक परिचित से ये राशि भी भेज दी। उनसे फिर से कहा गया कि फाइल मुंबई ब्रांच में चली गई है। उनसे फिर रुपये मांगे गए। अपने खाते से 36 हजार 300 और इसके बाद 18 हजार 700 रुपये व 22 हजार रुपये रुपये अन्य जानकारों से भेजे। जानकारों से उन्होंने एक लाख 56 हजार 470 रुपये भेजे गए। इस तरह कुल 2 लाख 60 हजार 269 रुपये की धोखाधड़ी की गई। साइबर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।