चीन से आए आरके पुरम निवासी युवक की हालत में सुधार आ रहा है, लेकिन अभी उसे तब तक कालेज में ही दाखिल रहना पड़ेगा, जब तक उसकी ब्लड सैंपल की रिपोर्ट पुणे लैब से नहीं आ जाती है। युवक के परिजन और प्रबंधन जल्द रिपोर्ट चाह रहा है, लेकिन अभी रिपोर्ट के लिए तीन से चार दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल डाक्टर युवक के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी रख रहे हैं।
बता दें कि चार दिन पहले युवक आशीष मेडिकल कालेज की ओपीडी में आया था और बुखार की शिकायत बताई थी। युवक ने जब बताया कि वह 13 जनवरी को चीन से आया है तो प्रबंधन अलर्ट हो गया। इस पर युवक को मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया और उसके ब्लड सैंपल लिए गए। सैंपल लेने के बाद कोरियर के माध्यम से सैंपल पुणे स्थित लैब में भेज दिए। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की जांच पुणे स्थित लैब में ही होती है। इधर, चार दिन में युवक के स्वास्थ्य में सुधार है और बुखार उतर रहा है, बस जुकाम की शिकायत है। एहतियात के तौर पर लगातार डाक्टर उसके स्वास्थ्य की निगरानी रख रहे हैं। संभावना है कि आगामी तीन से चार दिन में रिपोर्ट आ जाएगी। इस बारे में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज के डीएमएस गौरव कुमार का कहना है कि युवक आईसोलेटेड वार्ड में रखा गया है। रिपोर्ट आने से पहले उसको छुट्टी नहीं दे सकती। युवक के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।