जिला जेल कोरोना हॉटस्पॉट बन चुकी है। शनिवार को भी जिला जेल में कोरोना संक्रमण के 73 नए केस सामने आए हैं। इससे पहले पिछले 6 दिनों में 236 कैदी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। जिले की बात करें तो शनिवार को 445 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 12 कोरोना पॉजिटिव लोगों की जान चली गई, जिनका कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया है, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में 7 लोगों की मौत दर्ज की गई है। राहत की बात है कि एक दिन में 612 मरीज ठीक हुए हैं। इससे रिकवरी रेट 85.27 पर पहुंच गया है। पॉजिटिविटी रेट 8.40 प्रतिशत व मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है।
50 प्रतिशत से अधिक मामले गांवों में मिल रहे, शनिवार को 210 नए केस मिले
शहर के बाद अब कोरोना ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 210 के करीब पॉजिटिव केस ग्रामीण क्षेत्रों से मिले हैं। गांव की बात करें तो ऊंचा समाना गांव में लगातार कोरोना पॉजिटिव के केस बढ़ रहे हैं। शनिवार को भी करीब 14 मामले सामने आए हैं। इसी तरह जुंडला में करीब 13, बड़ा गांव में आठ, गांव कालरा में 6 केस मिले हैं।
18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए वैक्सीन खत्म
करनाल। कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए युवाओं में क्रेज बढ़ता जा रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पास उन्हें वैक्सीन लगाने के लिए डोज ही नहीं है। यही कारण है कि शनिवार को 18 से 44 वर्ष के युवाओं को कोरोना वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी। इससे अलग जिले में 32 केंद्रों पर वैक्सीनेशन हुआ, जिन पर 4248 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। इनमें 113 हेल्थ वर्कर 251 फ्रंटलाइन वर्कर 45 से 60 वर्ष की उम्र के 3082 लाभार्थी व 60 वर्ष से अधिक उम्र के 902 लाभार्थियों ने पहली व दूसरी डोज लगवाई।
सीएचसी में कार्यरत डेंटल सहायक की पत्नी की कोरोना से मौत
कुंजपुरा। सीएचसी कुंजपुरा में सेवारत डेंटल सहायक साहब सिंह की पत्नी की शनिवार को कोरोना से मौत हो गई। इसके साथ ही करीब 2 सप्ताह के भीतर गांव कुंजपुरा में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। इसके अलावा समीपवर्ती गांव नली पार में भी दो दिन पूर्व एक व्यक्ति की कोरोना से मौत होने का मामला सामने आया था। एसएमओ डॉ. संदीप अबरोल ने बताया कि कुंजपुरा में 10 बेड के कोविड-19 केयर सेंटर की व्यवस्था की गई है, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर सभी संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जरा सा भी कोरोना का लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच करवाएं ताकि समय पर उपचार शुरू होने से किसी भी व्यक्ति की जान को खतरा न हो।