करनाल के असंध क्षेत्र के एक गांव के दो लोगों ने एक युवक की बीड़ी मांगने की बात को लेकर पिटाई कर दी। वहीं दोनों लोगों ने युवक को बेहोश होने तक पीटा और उसके बाद उसे वहीं छोड़कर गांव में चले आए। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरकारसा निवासी कैलाशो देवी ने असंध थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 दिसंबर को शाम करीब साढ़े छह बजे उसके लड़के विकास को गांव के ही नरेश व भूप सिंह अपने साथ उपलाना गांव लेकर गए थे। वहां से वापस आते समय उपलाना गांव के भट्टे के नजदीक उन्होंने मोटरसाइकिल रोकी और दोनों ने उसके बेटे से बीड़ी मांगी और उसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसके बेटे के साथ हाथापाई कर दी। दोनों ने उसके बेटे के ऊपर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उसका बेटा बेहोश हो गया। उसके बाद दोनों आरोपी उसे वहीं छोड़कर व जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
अज्ञात ने डायल 112 को फोन कर दी सूचना
पीड़ित मां कैलाशो देवी ने बताया कि उपलाना गांव स्थित भट्टे के पास से गुजर रहे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बेटे को बेहोशी की हालत में देखा तो उसने तुरंत डायल 112 को फोन किया। जिसके बाद सूचना पाकर डायल 112 मौके पर पहुंची और उसके बेटे को एंबुलेंस की सहायता से असंध के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर
पीड़ित मां कैलाशो देवी ने बताया कि असंध के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद डॉक्टरों ने उसके बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे करनाल नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया। उसके बाद वहां से भी डॉक्टरों ने प्राथमिकी देकर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। अब उसके बेटे का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थाना प्रभारी के अनुसार
चोरकारसा निवासी कैलाशो देवी की शिकायत पर गांव के ही दो लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पीड़ित के बेटे का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। जिसकी हालत में पहले से सुधार है।
-मनोज कुमार, थाना प्रभारी, असंध।